सीवरेज सुधार कार्यों में एमसीजी को बड़ी सफलता, 26 क्षेत्रों में काम पूरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विभिन्न क्षेत्रों में स्थायी समाधान के लक्ष्य के साथ शुरू हुआ था अभियान, निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने की एसएमसी प्रगति की समीक्षा

गुरुग्राम, 1 सितम्बर। नगर निगम गुरुग्राम के अंतर्गत विभिन्न कॉलोनियों एवं गांवों में सीवरेज से संबंधित समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में गठित सीवरेज मैनेजमेंट सेल (एसएमसी) को बड़ी सफलता मिली है। सेल द्वारा चिन्हित 41 क्षेत्रों में सीवरेज सुधार कार्य शुरू किए गए थे, जिनमें से 26 क्षेत्रों में कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 6 अन्य क्षेत्रों में कार्य अंतिम चरण में है।

उक्त जानकारी मंगलवार को निगमायुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में आयोजित सीवरेज मैनेजमेंट सेल की प्रगति समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक में सेल के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सीवरेज सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा शेष कार्यों को भी प्रभावी तरीके से पूरा करने पर चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि नगर निगम द्वारा सीवरेज से संबंधित समस्याओं की पहचान कर उनके तात्कालिक प्रबंधन के साथ-साथ स्थायी समाधान के उद्देश्य से सीवरेज मैनेजमेंट सेल के माध्यम से कार्य शुरू किया गया था। इसके तहत शहर की विभिन्न कॉलोनियों एवं गांवों में सीवरेज नेटवर्क की स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लिया गया।

26 क्षेत्रों में कार्य पूर्ण

एसएमसी द्वारा शहर की सीवरेज एवं जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 26 क्षेत्रों में 100 प्रतिशत पूर्ण हो चुके हैं। इनमें सीवर लाइनों की सफाई, डी-सिल्टिंग, नई सीवर लाइन एवं संबंधित इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्य शामिल हैं। बैठक में बताया गया कि उमंग भारद्वाज चौक, सरस्वती एन्क्लेव, वार्ड-9 व 10, बसई, कादीपुर एन्क्लेव, खांडसा, इंदिरा कॉलोनी, नरसिंहपुर तथा बहरामपुर क्षेत्रों में विभिन्न सीवर कार्य पूरे किए गए हैं। धर्मी ठेका से बहरामपुर एसटीपी तक करीब 2.3 किलोमीटर लंबी 900 एमएम सीवर लाइन की डी-सिल्टिंग भी 100 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। बादशाहपुर, नूरपुर, देवी लाल कॉलोनी, सेक्टर-38, इस्लामपुर, सेक्टर-31, सेक्टर-40 और प्रेमपुरी सहित कई क्षेत्रों में बकेट मशीन एवं सुपर सकर मशीन से सीवर लाइनों की सफाई और डी-सिल्टिंग का कार्य पूरा किया गया है।

उल्लावास, बंधवाड़ी, चक्करपुर, कन्हई, सेक्टर-45, संजय ग्राम, आचार्यपुरी, गंगा विहार, सेक्टर-12ए, शिवाजी नगर, राजेंद्र पार्क और धनवापुर में भी विभिन्न सीवरेज कार्य पूर्ण किए गए हैं। चक्करपुर में करीब 10 किलोमीटर तथा कन्हई-सेक्टर-45 में करीब 5,835 मीटर सीवर लाइन की सफाई एवं डी-सिल्टिंग पूरी हुई है।

इन कार्यों के पूर्ण होने से संबंधित क्षेत्रों में सीवर नेटवर्क की कार्यक्षमता बेहतर होने तथा नागरिकों को सुचारु सीवरेज सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिली है। एमसीजी द्वारा सीवरेज समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सफाई, डी-सिल्टिंग एवं आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

6 स्थानों पर कार्य अंतिम चरण में

बैठक में यह भी बताया गया कि 6 अन्य स्थानों पर सीवरेज सुधार कार्य पूरे होने वाले हैं। संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए इन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया।

डीपीआर आधारित परियोजनाओं को गति

बैठक में यह भी बताया गया कि सरस्वती इन्क्लेव, नाथूपुर, झाड़सा, प्रेमपुरी, घाटा और बहरामपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में सिवरेज सुधार के लिए डीपीआर आधारित कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं। इनमें नई सीवर लाइन, ट्रंक सीवर लाइन बदलने तथा सिवरेज नेटवर्क को मजबूत करने से संबंधित कार्य शामिल हैं।

बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी व यश जालुका, चीफ इंजीनियर विजय ढाका सहित कार्यकारी अभियंता और सहायक अभियंता उपस्थित थे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें