पुलिस उपायुक्त अंशु सिंगला ने कहा—जेन-जी और जेन-अल्फा के हाथों में देश का उज्ज्वल भविष्य

गुरुग्राम, 1 सितंबर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट सहभागिता और प्रेरणादायी प्रस्तुति देने वाले विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) अंशु सिंगला ने मंगलवार को सम्मानित किया।
सम्मानित विद्यार्थियों में राजकीय विद्यालय जैकबपुरा की वे छात्राएं शामिल रहीं, जिन्होंने समारोह में ‘प्रजातंत्र के प्रहरी’ विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी थी। इनके अलावा स्टूडेंट पुलिस कैडेट्स (एसपीसी) और द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय, गुरुग्राम के एनसीसी कैडेट्स को भी सम्मानित किया गया।

पुलिस उपायुक्त ने सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, टीम भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं।
चरित्र और अनुशासन से बनता है सशक्त समाज
अंशु सिंगला ने कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा पीढ़ी के हाथों में देश का भविष्य अत्यंत उज्ज्वल है। युवा राष्ट्र निर्माण के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ चरित्र, अनुशासन और सेवाभाव ही सशक्त समाज की पहचान हैं। गुरुग्राम पुलिस युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों, जागरूकता अभियानों और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
पुलिस उपायुक्त ने सम्मानित छात्र-छात्राओं और उनके शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








