ऑटो चालकों के लिए कल्याण बोर्ड की घोषणा शीघ्र लागू करे सरकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पचगांव चौक पर सार्वजनिक शौचालय और पेयजल की व्यवस्था करने की मांग

सीएनजी की बढ़ती कीमतों से घट रही आमदनी, समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

गुरुग्राम, 30 अगस्त। हरियाणा ऑटो चालक संघ से संबंधित भारतीय मजदूर संघ की रविवार को पचगांव चौक पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पचगांव चौक ऑटो स्टैंड के प्रधान बबरु भान ने की। हरियाणा ऑटो चालक संघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष नवीन कुमार और प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार राघव विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में ऑटो चालकों तथा निजी परिवहन क्षेत्र से जुड़े वाहन चालकों की समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री द्वारा वाहन चालकों के लिए कल्याण बोर्ड गठित करने की घोषणा को शीघ्र धरातल पर लागू करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि वाहन चालक दिन-रात सेवाएं देकर प्रदेश की परिवहन व्यवस्था और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उनके सामाजिक और आर्थिक हितों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। सरकार को कल्याण बोर्ड का गठन कर वाहन चालकों को बीमा, पेंशन, स्वास्थ्य और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देना चाहिए।

सीएनजी के बढ़ते दामों पर जताया रोष

बैठक में सीएनजी की लगातार बढ़ती कीमतों पर ऑटो चालकों ने रोष व्यक्त किया। चालकों ने कहा कि ईंधन महंगा होने से उनकी आमदनी पर सीधा असर पड़ रहा है और परिवार का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। संगठन ने सरकार से सीएनजी की कीमतों में राहत देने के साथ ऑटो का व्यावहारिक किराया निर्धारित करने की मांग की।

पचगांव चौक पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव

संघ ने जिला प्रशासन से पचगांव चौक पर सार्वजनिक शौचालय और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने की मांग की। बैठक में स्थायी एवं अधिकृत ऑटो स्टैंड, परमिट संबंधी समस्याओं और चालकों की अन्य रोजमर्रा की परेशानियों पर भी चर्चा की गई।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि कल्याण बोर्ड की घोषणा शीघ्र लागू नहीं की गई और ऑटो चालकों की अन्य समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगामी दिनों में आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।

बैठक में पचगांव से जमालपुर और पचगांव से अमेठी रूट के ऑटो चालक राजेंद्र, निरंजन, नरेंद्र, बबली, गंगाराम, हरिओम, नरेश और वीर सिंह सहित अनेक चालक उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!