ठेकेदारी प्रथा खत्म कर सफाई कर्मचारियों को पक्का करे सरकार : बसंत कुमार
मांगों के आदेश जारी नहीं हुए तो अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
गुरुग्राम, 30 अगस्त (अशोक)। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल को 3 सितंबर तक बढ़ाने का ऐलान किया है। कर्मचारी 6 अगस्त से हड़ताल पर हैं। रविवार को कर्मचारी भवन रोहतक में आयोजित संघ की राज्य कार्यकारिणी की कन्वेंशन में आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया।
हड़ताल के 25वें दिन पुराने नगर निगम कार्यालय में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संघ के राज्य उपप्रधान बसंत कुमार और वरिष्ठ उपप्रधान सम्मी बोहत ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारियों के माध्यम से आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है।
यूनियन नेताओं ने कहा कि 13 मई को सरकार के साथ हुई वार्ता में पालिका रोल के 13 हजार कच्चे कर्मचारियों और 1,175 फायरमैनों को नियमित करने, सफाई एवं सीवर कार्यों से ठेका प्रथा समाप्त करने, छंटनीग्रस्त 3,480 कर्मचारियों को वापस ड्यूटी पर लेने तथा जोखिम भत्ता देने सहित 17 मांगों पर सहमति बनी थी। इसके बावजूद सरकार ने अब तक आधिकारिक आदेश जारी नहीं किए हैं।
बसंत कुमार ने कहा कि पिछले 11 वर्षों से नियमित भर्ती नहीं होने के कारण दलित और वाल्मीकि समाज के सफाई कर्मचारी ठेकेदारों के शोषण का सामना कर रहे हैं। अन्य विभागों की तरह नगर निगम कर्मचारियों को भी ठेकेदारी प्रथा से मुक्त कर नियमित किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गलत बयानबाजी कर जनता को गुमराह कर रही है, जबकि हड़ताल के कारण शहरों में कचरे के ढेर लगने से बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है।
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 3 सितंबर तक सहमत मांगों के आधिकारिक आदेश जारी नहीं किए गए तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन आंदोलन में बदल दिया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।








