पैरा कबड्डी को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने पर मंथन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुरुक्षेत्र में आयोजित सेमिनार में देशभर के 50 से अधिक कबड्डी ऑफिशियल्स ने लिया भाग

राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी हरियाणा को देने और खेल बजट में न्यायसंगत हिस्सेदारी की उठी मांग

कुरुक्षेत्र, 29 अगस्त (प्रमोद कौशिक)। अंतरराष्ट्रीय जाट धर्मशाला कुरुक्षेत्र में विश्व खेल परिषद हरियाणा के तत्वावधान में पैरा कबड्डी सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। 20 से 30 अगस्त तक चलने वाले इस सेमिनार में देशभर से 50 से अधिक कबड्डी ऑफिशियल्स भाग ले रहे हैं।

सेमिनार का शुभारंभ स्वामी गोपाल दास ने किया, जबकि अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय जाट धर्मशाला कुरुक्षेत्र के प्रधान डॉ. कृष्ण श्योकंद ने की। सेमिनार में पैरा कबड्डी के नियमों, तकनीकी पहलुओं, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और इस खेल को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने के विषय पर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने हरियाणा को राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी दिए जाने और केंद्रीय खेल बजट में प्रदेश को उसकी खेल उपलब्धियों के अनुरूप न्यायसंगत हिस्सेदारी देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में हरियाणा का योगदान उसकी जनसंख्या के अनुपात से कहीं अधिक है। इसलिए प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण केंद्रों और पैरा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक संसाधनों का विस्तार किया जाना चाहिए।

हरियाणा की प्रतिभाओं को मिले अंतरराष्ट्रीय मंच

विश्व खेल परिषद हरियाणा के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश की पहचान केवल कृषि, उद्योग और व्यापार के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि अपनी असाधारण खेल प्रतिभा के कारण भी है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में हरियाणा का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।

उन्होंने कहा कि पैरा खिलाड़ियों में प्रतिभा और संघर्ष की कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल उपकरण, नियमित प्रतियोगिताएं और अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने की है। पैरा कबड्डी को प्रोत्साहन मिलने से दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए खेल और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

इस अवसर पर भारतीय पैरा कबड्डी संघ के महासचिव कुलदीप सिंह कोस, भीम अवॉर्डी राजेश कुमार, पैरा कबड्डी संघ के प्रधान देवी मलिक, जगबीर सिंह, अर्जुन एवं भीम अवॉर्डी धर्म सिंह, अर्जुन अवॉर्डी सुरजीव पाल नेजर, भारतीय पैरा कबड्डी संघ के चेयरमैन ताजल गोस, मनोज कुमार, करण सिंह मलिक, राजकमल ढांडा, हरिकेश सहारण और सुरेश सहारण सहित अनेक खेल पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!