पिछले 22 दिनों से हड़ताल पर हैं सफाई कर्मचारी, प्रदेश के शहर और गांव कचरे के ढेर में तब्दील: डॉ सुशील गुप्ता
HKRN और ठेकेदारी प्रथा के नाम पर हो रहा कच्चे कर्मचारियों का आर्थिक शोषण: डॉ सुशील गुप्ता
सरकार ने मांगें पूरी नहीं कीं तो सफाई कर्मियों के साथ सड़कों पर उतरेगी ‘आप’: डॉ सुशील गुप्ता
चंडीगढ़: हरियाणा में पिछले 22 दिनों से जारी नगर निकायों और ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का पूर्ण समर्थन करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने राज्य की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भीषण परिस्थितियों में भी समाज को स्वच्छ और रोगमुक्त रखने वाले सफाई कर्मचारियों को सरकार की उपेक्षा और संवेदनहीनता के कारण सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार वार्ता की मेज पर कर्मचारियों को केवल खोखले आश्वासन देती है, लेकिन मांगों का कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं करती। ‘हरियाणा कौशल रोजगार निगम’ (HKRN) और आउटसोर्सिंग के नाम पर युवाओं और कच्चे कर्मचारियों का भारी शोषण किया जा रहा है। सरकार की इस वादाखिलाफी के कारण आज पूरे प्रदेश में गंदगी का आलम है और बीमारियां फैलने का गंभीर खतरा बन गया है।
पंजाब की ‘आप’ सरकार से तुलना करते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि जहां पड़ोसी राज्य में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में कर्मचारियों का सम्मान, पुरानी पेंशन योजना और जनहितकारी नीतियां लागू की जा रही हैं, वहीं हरियाणा की भाजपा सरकार कर्मचारियों के अधिकार मारकर ठेका प्रथा को बढ़ावा दे रही है। हरियाणा का सफाई कर्मचारी आज अपने न्यूनतम वेतन, ईएसआई, ईपीएफ और सुरक्षा उपकरणों जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है।
आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांगें:
कर्मचारियों का नियमितीकरण: HKRN और ठेका प्रथा को तुरंत समाप्त कर सभी अनुबंधित व कच्चे सफाई कर्मचारियों को पक्का किया जाए।
समान काम – समान वेतन: नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी होने तक सभी कच्चे कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों के समान वेतन मिले।
सुरक्षा एवं मानदेय: सीवर सफाई के दौरान आधुनिक सुरक्षा उपकरण, जोखिम भत्ता और समय पर वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
पुरानी पेंशन व नोटिफिकेशन: सफाई कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू हो और पूर्व में बनी सहमतियों के आधार पर तुरंत सरकारी नोटिफिकेशन जारी किया जाए।
डॉ. सुशील गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार ने अपनी कर्मचारी-विरोधी नीति को छोड़कर सफाई कर्मचारियों की न्यायसंगत मांगें जल्द पूरी नहीं कीं, तो आम आदमी पार्टी राज्यभर में सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी।







