गुरुग्राम मेट्रो विस्तार ने पकड़ी रफ्तार, पहले 160 टन वजनी यू-गर्डर को सफलतापूर्वक किया लिफ्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने विधिवत पूजन कर निर्माण के महत्वपूर्ण चरण का किया शुभारंभ*

गुरुग्राम, 29 अगस्त। गुरुग्राम मेट्रो विस्तार परियोजना ने निर्माण कार्य की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार किया। परियोजना के तहत 160 टन वजनी पहला यू-गर्डर शुक्रवार देर रात 400 और 600 टन क्षमता वाली हाइड्रोलिक क्रेनों की सहायता से साइबर पार्क के नजदीक पिलर नंबर 26/27 पर सफलतापूर्वक लिफ्ट किया गया। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने विधिवत पूजन कर इस महत्वपूर्ण निर्माण प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इसके बाद उनकी उपस्थिति में निर्धारित तकनीकी मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए यू-गर्डर को निर्धारित स्थान पर सफलतापूर्वक स्थापित किया गया।

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि पहले यू-गर्डर के लिफ्ट होने के साथ ही गुरुग्राम मेट्रो विस्तार परियोजना के निर्माण कार्य ने जमीनी स्तर पर एक नया चरण शुरू किया है। गुरुग्राम मेट्रो विस्तार हरियाणा सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का उद्देश्य गुरुग्राम में आधुनिक और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि शहर के विकास के साथ नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार हो। उन्होंने कहा कि परियोजना के निर्माण कार्य को गति देने के साथ-साथ गुणवत्ता और सुरक्षा के मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

राव ने कहा कि पहले यू-गर्डर की लिफ्टिंग केवल निर्माण कार्य की शुरुआत का एक चरण नहीं, बल्कि गुरुग्राम के भविष्य की बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना के आगे बढ़ने के साथ शहरवासियों को इसके सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई देंगे। पहले यू-गर्डर के सफलतापूर्वक लिफ्ट होने से गुरुग्राम मेट्रो विस्तार परियोजना के निर्माण कार्य को नई गति मिली है। आने वाले दिनों में निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अन्य निर्माण गतिविधियों को भी तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि गुरुग्राम के तेजी से बढ़ते शहरी स्वरूप और लगातार बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए मेट्रो विस्तार परियोजना को सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होने के साथ-साथ नागरिकों को आवागमन का सुविधाजनक, तेज और भरोसेमंद विकल्प उपलब्ध होगा। परियोजना के निर्माण में समयबद्धता के साथ गुणवत्ता और सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यू-गर्डर की लिफ्टिंग का कार्य पूरा होना इस दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

*यू-गर्डर लिफ्टिंग प्रक्रिया का तकनीकी विवरण*

परियोजना के लिए यू-गर्डर का निर्माण गुरुग्राम के सेक्टर-33, नाहरपुर रूपा स्थित विशेष प्रीकास्ट कास्टिंग यार्ड में किया जा रहा है। प्रत्येक यू-गर्डर की लंबाई लगभग 28 मीटर और चौड़ाई 5.05 मीटर है। एक यू-गर्डर में करीब 16 टन रिइनफोर्समेंट स्टील तथा लगभग 60 घन मीटर एम-60 ग्रेड कंक्रीट का उपयोग किया जाता है। ये प्री-टेंशन यू-गर्डर मेट्रो के वायाडक्ट के ऊपरी ढांचे का निर्माण करेंगे, जिसके ऊपर ट्रैक बिछाए जाएंगे और मेट्रो ट्रेनों का संचालन होगा।

160 टन वजनी यू-गर्डर को 400 टन और 600 टन क्षमता वाली हाइड्रोलिक क्रेनों की सहायता से सफलतापूर्वक लिफ्ट एवं स्थापित किया गया। इतने बड़े और भारी गर्डरों के परिवहन एवं स्थापना के लिए विस्तृत योजना, रूट प्लानिंग, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। कास्टिंग यार्ड से यू-गर्डर को लगभग 40 मीटर लंबे मल्टी-एक्सल ट्रेलर एवं पुलर असेंबली के माध्यम से निर्माण स्थल तक पहुंचाया जाता है।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड के निदेशक (परियोजना एवं योजना) एस.आर. सांगवा, निदेशक (रोलिंग स्टॉक एवं इलेक्ट्रिकल) राजेश चतुर्वेदी तथा निदेशक (वित्त) रजत वर्मा, चीफ आर्किटेक्ट नम्रता कलसी, डीजीएम मधुर गोयल, निगम पार्षद कुलदीप यादव सहित निर्माण एजेंसी के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और संबंधित कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!