प्रवासी समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से रोष

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पूर्व विधायक नीरज शर्मा के नेतृत्व में अधिकारियों से मिला प्रतिनिधिमंडल

नगर निगम के अधीक्षण अभियंता ओमबीर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बर्खास्त करने की मांग

फरीदाबाद। फरीदाबाद एनआईटी-86 के पूर्व विधायक पंडित नीरज शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त, उपायुक्त, पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ और नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम फरीदाबाद के अधीक्षण अभियंता ओमबीर सिंह पर प्रवासी एवं बिहारी समुदाय के प्रति कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि एक कथित ऑडियो बातचीत में अधिकारी ओमबीर सिंह द्वारा एक पूर्व पार्षद के पति से बातचीत के दौरान बिहारी और प्रवासी समुदाय के लिए अमर्यादित एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। हालांकि, इस कथित ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार सरकारी पद पर रहते हुए किसी समुदाय के विरुद्ध इस तरह की भाषा का प्रयोग करना गंभीर मामला है। इससे प्रवासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और लोगों में रोष व्याप्त है। ज्ञापन में इस प्रकरण को भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और 353(2) के तहत कार्रवाई योग्य बताया गया है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा आरोप सही पाए जाने पर ओमबीर सिंह को तत्काल निलंबित कर सेवा से बर्खास्त किया जाए। साथ ही उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर गिरफ्तारी करने और जांच किसी वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी को सौंपकर निश्चित समय-सीमा में पूरी कराने की मांग भी की गई।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व पार्षद दयाशंकर गिरी, मधुसूदन झा, भोजपुरी-अवधी समाज के प्रधान रघुवर दयाल, संयोजक आरके तिवारी, अरुण सिंह, रामरेखा यादव, राजकुमार यादव, ज्ञानेंद्र यादव, रामअवतार, विपिन बिहार यादव और प्रभु झा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि मामले में शीघ्र और सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो समाज आगामी कदम उठाने के लिए बाध्य होगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!