नारनौल में कांग्रेस का संगठनात्मक मंथन, पांचवें चरण का समापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने महेंद्रगढ़ जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं-कार्यकर्ताओं से किया संवाद

चंडीगढ़/नारनौल, 27 अगस्त। हरियाणा कांग्रेस के संगठनात्मक संवाद अभियान के पांचवें चरण का गुरुवार को नारनौल में समापन हो गया। अंतिम दिन एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने महेंद्रगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के साथ बैठक की। इसके अलावा महेंद्रगढ़, नांगल चौधरी, अटेली और नारनौल विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग संवाद किया गया।

बैठकों में संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने तथा विधानसभा क्षेत्रवार राजनीतिक गतिविधियों को गति देने पर मंथन हुआ। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की जनसमस्याएं भी पार्टी नेतृत्व के सामने रखीं।

किसानों-कर्मचारियों के मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश का किसान, कर्मचारी, युवा और आम नागरिक अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। महेंद्रगढ़ जिले में पटवारियों की हड़ताल के कारण खरीफ फसलों की विशेष गिरदावरी प्रभावित होने की सूचनाएं मिल रही हैं। हड़ताल के कारण इंतकाल, नकल और प्रमाणपत्रों से संबंधित हजारों कार्य लंबित बताए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कर राजस्व और किसानों से जुड़े कार्य तत्काल सुचारू करवाने चाहिए। सफाई कर्मचारियों का आंदोलन भी सरकार की संवेदनहीनता का परिणाम है। सरकार टकराव छोड़कर कर्मचारियों की जायज मांगों पर बातचीत करे।

रोजगार और कानून-व्यवस्था पर मांगा जवाब

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है। सरकारी भर्तियों और हरियाणा कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों से किए गए वादों पर सरकार को जवाब देना होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधानसभा के मानसून सत्र में रोजगार, कानून-व्यवस्था, कर्मचारियों के आंदोलन, किसानों की समस्याओं, बढ़ते टैक्स के बोझ और भ्रष्टाचार सहित जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

विधायकों से धक्का-मुक्की लोकतंत्र का अपमान: राव नरेंद्र

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ‘चंदा चोरी’ और जंतर-मंतर पर युवाओं के साथ हुए कथित अत्याचार के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस विधायकों के साथ पुलिस ने धक्का-मुक्की की। इसमें कई विधायकों को चोटें भी आईं।

उन्होंने कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों को विधानसभा में प्रवेश करने से बलपूर्वक रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक अधिकारों का अपमान है। भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय जनता के सवालों का जवाब दे। कांग्रेस किसानों, कर्मचारियों और युवाओं की आवाज सदन से सड़क तक उठाती रहेगी।

बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाएं कार्यकर्ता: संजय दत्त

एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि संगठनात्मक संवाद अभियान केवल बैठकों तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य कांग्रेस को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय एवं मजबूत बनाना है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बढ़ाने, जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही कांग्रेस को अधिक प्रभावी बनाने का आधार बनेगा।

इस अवसर पर महेंद्रगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सत्यवीर झुकिया, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव अनीता यादव, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कोऑर्डिनेशन एवं कनेक्ट सेंटर के प्रभारी दीपक लाम्बा सहित अनेक नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!