उद्यमिता पखवाड़े के तहत विद्यार्थियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाओं से कराया अवगत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कादीपुर में आयोजित कार्यक्रम में 102 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग

गुरुग्राम, 27 अगस्त। रोजगार विभाग हरियाणा द्वारा युवाओं में उद्यमिता एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक उद्यमिता पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंडल रोजगार कार्यालय गुरुग्राम द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कादीपुर में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के 102 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान मंडल रोजगार कार्यालय, गुरुग्राम की ओर से विभिन्न वक्ताओं एवं उद्यमियों को आमंत्रित किया गया। सहायक रोजगार अधिकारी डॉ. अनुराधा ने विद्यार्थियों को रोजगार विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी और युवाओं को उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में राहुल कुमार (आईईंओ) ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) के संबंध में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। ज्योति तंवर ने अपने व्यवसाय के बारे में जानकारी साझा करते हुए उद्यमिता के अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। वहीं रेणुका गुप्ता ने अपने व्यवसाय आचार-पापड़ के माध्यम से स्वरोजगार की संभावनाओं एवं व्यवसाय शुरू करने से जुड़ी जानकारी दी।

इसके अतिरिक्त सोम्या भार्गव (निदेशक रूडसेट) ने संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी निःशुल्क पाठ्यक्रमों की जानकारी विद्यार्थियों को दी। उन्होंने युवाओं से इन प्रशिक्षण अवसरों का लाभ उठाकर अपने कौशल को विकसित करने तथा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!