विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की अध्यक्षता में सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने सत्र के कामकाज पर की चर्चा
चंडीगढ़, 26 अगस्त। हरियाणा विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को लेकर बुधवार को कार्य सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की अध्यक्षता में हुई बैठक में सत्र के दौरान होने वाले विधायी कार्यों और प्रस्तावित कार्यसूची पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, ऊर्जा मंत्री अनिल विज, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और विधायक गीता भुक्कल उपस्थित रहे।
विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा और विधायक सावित्री जिंदल ने विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में बैठक में भाग लिया। समिति ने मानसून सत्र के सुचारु संचालन और सदन में प्रस्तावित विषयों के लिए समय निर्धारण पर चर्चा की।








