कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
ऑनलाइन जमाबंदी में तकनीकी खामियों से कर्मचारी परेशान, राजस्व कार्य ठप होने से जनता बेहाल
फर्रुखनगर, 26 अगस्त। ऑनलाइन जमाबंदी तथा राजस्व कार्यों से जुड़ी तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पटवारियों एवं कानूनगो की जारी हड़ताल के समर्थन में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को तहसीलदार फर्रुखनगर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुखबीर जे. तंवर और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील यादव ने किया।
राजस्व विभाग त्रस्त, सरकार मस्त
सुखबीर जे. तंवर ने कहा कि पटवारियों और कानूनगो की समस्याओं की अनदेखी के कारण प्रदेश की राजस्व व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जमाबंदी, इंतकाल, फर्द, गिरदावरी, विरासत, भूमि रिकॉर्ड में संशोधन और बैंक ऋण से संबंधित कार्य ठप होने से किसानों, भूमि मालिकों एवं आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पटवारियों एवं कानूनगो की तर्कसंगत, व्यावहारिक और जायज मांगों का पूर्ण समर्थन करती है। ऑनलाइन व्यवस्था की तकनीकी खामियां और जमीनी स्तर की समस्याएं दूर किए बिना कर्मचारियों पर काम का दबाव डालने का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
कर्मचारियों से तत्काल वार्ता की मांग
ज्ञापन में मुख्यमंत्री से पटवारियों एवं कानूनगो के प्रतिनिधियों को तत्काल वार्ता के लिए बुलाने और उनकी तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने की मांग की गई। तंवर ने कहा कि सरकार और कर्मचारियों के बीच संवाद एवं सहमति से ही राजस्व व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सकता है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि सरकार इस मामले को प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाने के बजाय जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे। कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कर किसानों और आम नागरिकों को तत्काल राहत प्रदान की जाए।
इस अवसर पर नंबरदार रोहताश सिंह, अधिवक्ता मनोज यादव, अशोक शर्मा, रणबीर सिंह, प्रवीण चौहान, तरुण यादव, मोनी और योगेश सहित अन्य लोगों ने ज्ञापन का समर्थन किया।









