पुलिसकर्मियों की कलाई पर छात्राओं ने बांधा विश्वास का धागा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम के 16 स्कूलों की 70 से अधिक छात्राओं ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में मनाया रक्षाबंधन पर्व

गुरुग्राम, 26 अगस्त। रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में बुधवार को गुरुग्राम पुलिस आयुक्त कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर के 16 स्कूलों की करीब 70 से 75 छात्राओं ने पुलिस आयुक्त एवं अन्य पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को राखी बांधकर पर्व मनाया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को सुरक्षा, सम्मान और हर परिस्थिति में सहयोग का भरोसा दिया।

कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त संगीता कालिया, सहायक पुलिस आयुक्त-द्वितीय सहायक पुलिस आयुक्त विशाल (एसओ-प्रथम), सहायक पुलिस आयुक्त अमित भाटिया सहित अनेक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्षाबंधन के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राखी केवल भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और जिम्मेदारी के संकल्प का भी पर्व है।

पुलिस आयुक्त ने सभी छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं तथा मिठाई, फ्रूटी और चॉकलेट वितरित कीं। छात्राओं ने पुलिस आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों के साथ सेल्फी लेकर कार्यक्रम की यादों को सहेजा।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। गुरुग्राम पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!