इफ्को चौक के पास सड़क धंसने पर जीएमडीए की त्वरित कार्रवाई;

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर उतरी इंजीनियरिंग टीम

पंपिंग मशीनरी लगाकर सीवर प्रवाह को वैकल्पिक मैनहोल की ओर किया गया डायवर्ट;

आगे के कटाव को रोकने के लिए मौके पर लगातार निगरानी, सीवर लाइन की विस्तृत जांच के बाद होगी आवश्यक मरम्मत

गुरुग्राम, 26 अगस्त: इफ्को चौक के पास सर्विस रोड पर सड़क धंसने की घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। यह घटना जीएमडीए की सीवर लाइन के आसपास के क्षेत्र में हुई, जिसके मद्देनजर स्थिति को नियंत्रित करने और प्रभावित हिस्से में आगे होने वाले कटाव को रोकने के लिए इंजीनियरिंग विंग की टीम को मौके पर तैनात किया गया।

घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने इंजीनियरिंग विंग को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने तथा आवश्यक एहतियाती एवं सुधारात्मक कदम तत्काल उठाने के निर्देश दिए। प्रभावित क्षेत्र को तुरंत बैरिकेड कर सुरक्षित किया गया और संबंधित एजेंसी को आवश्यक मैन पॉवर एवं मशीनरी के साथ मौके पर तैनात किया गया।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने बताया कि तत्काल राहत एवं नियंत्रण उपायों के तहत इंजीनियरिंग विंग द्वारा मौके पर पंपिंग मशीनरी लगाई गई है। प्रभावित स्थान पर सीवर के प्रवाह को कम करने और सड़क के नीचे आगे होने वाले कटाव को रोकने के लिए सीवर के पानी को पास स्थित एक वैकल्पिक मैनहोल की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। बारिश के बावजूद फील्ड टीमें मौके पर लगातार स्थिति की निगरानी कर रही हैं और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि सीवर का प्रवाह कम होने और प्रभावित क्षेत्र को साफ किए जाने के बाद इंजीनियरिंग टीम द्वारा सीवर पाइपलाइन की विस्तृत जांच की जाएगी। इस जांच के माध्यम से पाइपलाइन को हुए नुकसान की स्थिति, प्रकृति एवं गंभीरता का आकलन किया जाएगा। निरीक्षण के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे तथा उन्हें शीघ्र पूरा किया जाएगा।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर चल रहे कार्यों की लगातार निगरानी करने और स्थिति के पूर्ण समाधान तक आवश्यक सभी उपाय बिना किसी देरी के सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए स्थायी समाधान के लिए आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाना सुनिश्चित किया जाए।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि भविष्य में इस प्रकार की किसी भी घटना की सूचना मिलते ही बिना किसी देरी के तत्काल कार्रवाई शुरू की जाए। साथ ही, वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित मुख्य अभियंता स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति जायजा लें और समस्या के समयबद्ध समाधान को सुनिश्चित करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!