संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने संगठन को मजबूत करने पर की चर्चा झज्जर, बेरी, बहादुरगढ़ और बादली विधानसभा क्षेत्रों में संवाद बैठकें
युवाओं को रोजगार देने में विफल भाजपा सरकार ने देश के जनसांख्यिकीय लाभांश को जनसांख्यिकीय संकट में बदला — राव नरेंद्र सिंह
छात्रों की गूंज’ अभियान युवाओं की आवाज को मजबूती देने और उनके अधिकारों की लड़ाई को जन आंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम — संजय दत्त

चंडीगढ़, 25 अगस्त 2026 – हरियाणा के एआईसीसी प्रभारी श्री संजय दत्त एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस का जिलेवार संगठनात्मक संवाद कार्यक्रम मंगलवार को झज्जर में आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी नेतृत्व ने विधानसभा क्षेत्रवार नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से संवाद किया तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, राजनीतिक चुनौतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
25 अगस्त को झज्जर जिले के झज्जर, बेरी, बहादुरगढ़ एवं बादली विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बैठकें आयोजित की गईं। इसके बाद झज्जर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई।
इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि देश का युवा आज रोजगार और बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष कर रहा है, जबकि केंद्र की भाजपा सरकार लगातार युवाओं को झूठे सपने दिखाती रही है।

उन्होंने कहा, “8.7 करोड़ युवा बेरोजगार हैं और इनमें से केवल 8.25 प्रतिशत युवाओं के पास रोजगार पाने के लिए आवश्यक कौशल है। यह ‘अमृत काल’ की वह कड़वी सच्चाई है, जिसे राहुल गांधी जी का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान देश के सामने ला रहा है। युवाओं के बीच इस अभियान को मिल रहा व्यापक समर्थन इस बात का प्रमाण है कि बेरोजगारी आज देश के सबसे बड़े और गंभीर मुद्दों में से एक है।”
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने 2014 के बाद युवाओं से रोजगार और ‘अच्छे दिनों’ के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन करोड़ों युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों ने देश के Demographic Dividend (जनसांख्यिकीय लाभांश) को Demographic Disaster (जनसांख्यिकीय संकट) में बदलने का काम किया है।
उन्होंने कहा, “जिस युवा शक्ति को भारत की सबसे बड़ी ताकत और विकास का इंजन बनना था, वही युवा आज रोजगार की तलाश में भटक रहा है। कांग्रेस युवाओं की इस पीड़ा को केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश के भविष्य का सवाल मानती है। हम युवाओं के अधिकार, रोजगार और सम्मान की लड़ाई को व्यापक जन आंदोलन में बदलने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं।”
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं, किसानों, कर्मचारियों, महिलाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया है। उन्होंने कहा कि युवा-विरोधी नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज को बुलंद करना कांग्रेस की प्राथमिकता रही है।
वहीं, हरियाणा कांग्रेस के एआईसीसी प्रभारी श्री संजय दत्त ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के युवाओं की आवाज को संगठित करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी लगातार युवाओं के रोजगार, शिक्षा और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय बहस के केंद्र में लाते रहे हैं।
संजय दत्त ने कहा, “आज देश के करोड़ों युवा रोजगार, शिक्षा और कौशल के अवसरों से वंचित हैं। नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार 15 से 29 वर्ष की आयु के अनुमानित 8.7 करोड़ भारतीय ऐसे हैं जो न रोजगार में हैं, न शिक्षा में और न ही किसी प्रशिक्षण में। यह आंकड़ा सरकार के उन दावों की वास्तविकता सामने रखता है, जिनमें युवाओं के लिए बेहतर भविष्य का दावा किया जाता है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं की समस्याओं को हर स्तर पर उठाने और उन्हें संगठनात्मक रूप से मजबूत आवाज देने का काम किया है। ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के माध्यम से युवाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बेरोजगारी के खिलाफ संघर्ष को गांव, कस्बे, शहर और विश्वविद्यालयों तक ले जाने का संकल्प लिया गया है।
संजय दत्त ने कहा कि हरियाणा में आयोजित संगठनात्मक संवाद बैठकों का उद्देश्य केवल संगठन की समीक्षा करना नहीं था, बल्कि कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के मुद्दों से जोड़ना और पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना भी था।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस का संगठन जनता के बीच रहकर, जनता के मुद्दों पर संघर्ष करता रहा है और युवाओं के भविष्य की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाता रहेगा।”
इस अवसर पर विधायक डॉ. रघुवीर सिंह कादयान, श्रीमती गीता भुक्कल तथा श्री कुलदीप वत्स, झज्जर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय यादव, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कोआर्डिनेशन व कनेक्ट सेंटर के इंचार्ज दीपक लाम्बा भी मौजूद रहे।








