दिशा मोबाइल जागरूकता अभियान पहुंचा गुरुग्राम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 25 अगस्त। कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और न्यायिक सेवाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से हरियाणा में शुरू किया गया राज्यव्यापी दिशा मोबाइल जागरूकता अभियान गुरुग्राम पहुंचा।

भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग तथा सीएससी-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के सहयोग से संचालित इस अभियान की शुरुआत 4 अगस्त को करनाल से हुई थी। मोबाइल वैन के माध्यम से लोगों को टेली-लॉ, कानूनी अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता और डिजिटल न्याय सेवाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जा रही है।

सीएससी के टेली-लॉ विभाग के स्टेट कोऑर्डिनेटर मुजफ्फर हुसैन ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र एवं जरूरतमंद नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मोबाइल वैन में लगी एलईडी स्क्रीन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और ऑडियो-वीडियो सामग्री के माध्यम से लोगों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों तथा न्याय पाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।

सीएससी के जिला प्रबंधक विकास पूनिया ने कहा कि जानकारी के अभाव में कई लोग अपने कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सेवाओं का लाभ नहीं उठा पाते। दिशा अभियान ऐसे लोगों को न्याय व्यवस्था से जोड़ने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें