यमुनानगर की मेयर सुमन बहमनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने किया गुरुग्राम का दौरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मेयर राजरानी मल्होत्रा एवं निगम पार्षदों ने किया स्वागत, मल्टीलेवल पार्किंग, निर्माणाधीन निगम कार्यालय भवन और निर्माणाधीन स्विमिंग पूल का किया निरीक्षण

गुरुग्राम, 25 अगस्त। यमुनानगर की मेयर सुमन बहमनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुग्राम का दौरा किया। गुरुग्राम पहुंचने पर मेयर राजरानी मल्होत्रा एवं नगर निगम पार्षदों ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।

दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने गुरुग्राम में नागरिक सुविधाओं एवं शहरी विकास से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल ने सोहना चौक स्थित मल्टीलेवल पार्किंग, निर्माणाधीन नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय भवन तथा कमला नेहरू पार्क में निर्माणाधीन स्विमिंग पूल का दौरा किया।

सोहना चौक मल्टीलेवल पार्किंग का किया निरीक्षण

प्रतिनिधिमंडल ने सोहना चौक मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण कर परियोजना की जानकारी ली। मल्टीलेवल पार्किंग जैसी सुविधाओं का उद्देश्य शहर के व्यस्त क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से होने वाली परेशानी को कम करना है। प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी गई कि यह अत्याधुनिक पार्किंग सुविधा तीन बेसमेंट और पांच मंजिलों में बनाई गई है, जिसमें 56 दुकानें, 230 कारों और 100 से अधिक दुपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। इस पार्किंग में तीन लिफ्ट, सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशनिंग और बेसमेंट में स्टैग पार्किंग जैसी सुविधाएं दी गई हैं।

निर्माणाधीन एमसीजी कार्यालय भवन भी देखा

प्रतिनिधिमंडल ने निर्माणाधीन नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय भवन का भी दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने निर्माण कार्य का अवलोकन किया और परियोजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की। निर्माणाधीन एमसीजी कार्यालय भवन लगभग 8580 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 184 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जा रहा है। यह बहुमंजिला भवन आधुनिक प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है, जिसमें नागरिकों एवं निगम अधिकारियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परियोजना के तहत भवन में तीन बेसमेंट सहित कुल 10 मंजिलें विकसित की जा रही हैं। भवन में पर्याप्त पार्किंग सुविधा, नागरिक सुविधा केंद्र, प्रदर्शनी क्षेत्र, सम्मेलन कक्ष, कार्यालय कक्ष, आधुनिक कार्यस्थल, सार्वजनिक सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दौरे के दौरान कमला नेहरू पार्क में निर्माणाधीन स्विमिंग पूल को भी देखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने नागरिकों के लिए विकसित की जा रही इस सुविधा का निरीक्षण किया।

शहरी विकास से जुड़े अनुभवों का आदान-प्रदान

यमुनानगर से आए प्रतिनिधिमंडल का गुरुग्राम दौरा दोनों नगर निगमों के बीच शहरी विकास एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े अनुभवों के आदान-प्रदान का अवसर बना। विभिन्न परियोजनाओं के स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल ने गुरुग्राम में विकसित की जा रही प्रमुख नागरिक सुविधाओं को नजदीक से देखा।

नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल

दौरे के दौरान दोनों नगर निगमों के जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय एवं अनुभव साझा करने पर जोर रहा। ऐसे दौरे शहरों में चल रही विकास परियोजनाओं और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को समझने तथा बेहतर शहरी प्रबंधन के अनुभव साझा करने में सहायक होते हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!