साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता कॉमिक बुक का शुभारंभ, स्कूलों में होगा वितरण

गुरुग्राम, 25 अगस्त। युवा नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार सिखाने के उद्देश्य से गुरुग्राम पुलिस ने साइबर जागरूकता कॉमिक बुक का शुभारंभ किया है। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में गुरुग्राम पुलिस के अधिकारियों-कर्मचारियों, मुख्य सुरक्षा अधिकारी (सीएसओ) टीम के सदस्यों तथा विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने भाग लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कॉमिक बुक के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर ठगी, साइबर अपराधियों के तौर-तरीकों और ऑनलाइन सुरक्षा के उपायों की जानकारी सरल एवं रोचक ढंग से दी जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक करके उन्हें ‘साइबर एम्बेसडर’ के रूप में तैयार करना है।
परिवार और मित्रों को भी करेंगे जागरूक
पुलिस के अनुसार प्रशिक्षित विद्यार्थी स्वयं साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के साथ अपने माता-पिता, परिजनों और मित्रों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सकेंगे। इससे साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता का दायरा बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
इस कॉमिक बुक को श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय, कटरा के हर्ष बर्धन और तन्वी जामवाल ने तैयार एवं डिजाइन किया है। इसके प्रकाशन में मेड ईजी स्कूल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट–‘पवन, पृथ्वी, पानी’ का सहयोग प्राप्त हुआ है।
स्कूलों में वितरित होगी कॉमिक बुक
गुरुग्राम पुलिस की ओर से कॉमिक बुक को विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों के बीच वितरित किया जाएगा। इसके संदेशों को साइबर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से भी आगे बढ़ाया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि गुरुग्राम को सुरक्षित डिजिटल समुदाय बनाने तथा नागरिकों में ‘जागरूक, सतर्क और साइबर सुरक्षित’ रहने की संस्कृति विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।








