27 अगस्त दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त मध्यरात्रि तक मिलेगी सुविधा, 15 वर्ष तक के बच्चे भी कर सकेंगे निःशुल्क सफर
गुरुग्राम, 25 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर हरियाणा सरकार ने प्रदेश की महिलाओं को हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में 36 घंटे तक निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है। महिलाएं 27 अगस्त को दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगी।
उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार यह निःशुल्क यात्रा सुविधा हरियाणा के साथ-साथ दिल्ली और चंडीगढ़ तक संचालित हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में मान्य होगी।
भीड़ वाले मार्गों पर बढ़ेंगे बसों के फेरे
उपायुक्त ने कहा कि रक्षाबंधन पर महिला यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए गुरुग्राम जिले के सभी बस अड्डों पर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिन मार्गों पर यात्रियों की अधिक भीड़ रहने की संभावना है, वहां बसों के अतिरिक्त फेरे लगाने को कहा गया है।
बच्चों का आधार कार्ड साथ रखें
उपायुक्त ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी महिलाओं के साथ यात्रा करने वाले 15 वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क सफर की सुविधा मिलेगी। उन्होंने यात्रियों से बच्चों की आयु प्रमाणित करने के लिए उनका आधार कार्ड अथवा अन्य वैध आयु प्रमाण-पत्र साथ रखने की अपील की है।








