सफाई व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त की वर्चुअल समीक्षा बैठक, फील्ड मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच, सुबह 9 से 11 बजे फील्ड में डोर-टू-डोर वाहनों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और कर्मचारियों की निगरानी पर जोर

गुरुग्राम, 23 अगस्त। शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा सफाई कर्मचारी यूनियन की हड़ताल से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए निगमायुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो और नागरिकों को नियमित रूप से सफाई एवं कचरा संग्रहण की सुविधा मिलती रहे। बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका व रविन्द्र यादव सहित संयुक्त आयुक्त, वरिष्ठ सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक शामिल हुए।

निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे वार्ड कमेटी सदस्यों के साथ लगातार संपर्क में रहें और वार्ड स्तर पर सफाई से संबंधित समस्याओं की जानकारी लेते रहें। स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित टीमों के माध्यम से समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में निर्देश दिए गए कि संयुक्त आयुक्त सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच नियमित रूप से फील्ड में जाकर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों तथा सफाई कर्मचारियों की उपलब्धता एवं कार्य की जांच करें। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि निर्धारित संसाधन और कर्मचारी वास्तव में फील्ड में मौजूद रहकर सफाई कार्य कर रहे हैं।

निगमायुक्त ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था की प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सेकेंडरी कलेक्शन पॉइंट से नियमित रूप से कचरा उठाने और वहां कचरा जमा न होने देने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। बैठक में सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति को अनिवार्य रूप से दर्ज करने तथा उसकी जांच करने के निर्देश दिए गए। उपस्थित एवं अनुपस्थित कर्मचारियों का रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट किया जाएगा, ताकि फील्ड में उपलब्ध वास्तविक मैनपावर की जानकारी निगम के पास रहे।

निगमायुक्त ने सहायक सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि वे फील्ड में सफाई कर्मचारियों के साथ मौजूद रहें, उनसे सीधे संवाद करें और कार्य की वास्तविक स्थिति की निगरानी करें। अधिकारियों को केवल कागजी रिपोर्ट के बजाय ग्राउंड पर जाकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने पर जोर दिया गया।

निगमायुक्त ने सभी संबंधित संयुक्त आयुक्तों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सफाई कार्य से जुड़े कॉन्ट्रैक्टरों के साथ बैठक करें और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, ट्रैक्टर-ट्रॉली, मैनपावर तथा सेकेंडरी कलेक्शन पॉइंट से कचरा उठाने की व्यवस्था की समीक्षा करें। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों को सफाई व्यवस्था से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फील्ड मॉनिटरिंग, कर्मचारियों की उपस्थिति और कचरा संग्रहण व्यवस्था की नियमित निगरानी के माध्यम से शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारु रखा जाए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!