संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करेगी कांग्रेस : संजय दत्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*किसानों, सफाई कर्मचारियों और एम्स रेवाड़ी में देरी जैसे मुद्दों पर सरकार को जवाब देना होगा : राव नरेंद्र सिंह*

चंडीगढ़/रेवाड़ी,2 अगस्त। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा मामलों के प्रभारी श्री संजय दत्त एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राव नरेंद्र सिंह ने रविवार को रेवाड़ी में संगठनात्मक बैठकों की श्रृंखला के तहत रेवाड़ी ग्रामीण जिला कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित किया। इसके उपरांत उन्होंने रेवाड़ी, कोसली और बावल विधानसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत संवाद कर संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने की रणनीति पर चर्चा की।

इससे पूर्व शनिवार देर शाम दोनों नेताओं ने रेवाड़ी शहरी जिला कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक में भी भाग लिया और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

बैठक को संबोधित करते हुए हरियाणा मामलों के प्रभारी श्री संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि हर परिस्थिति में जनता की आवाज़ बनकर संघर्ष करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों, युवाओं, कर्मचारियों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर भाजपा सरकार पूरी तरह संवेदनहीन साबित हुई है। कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष का माध्यम बनाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान फसलों के उचित मूल्य, खाद की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था और सामान्य से कम वर्षा के कारण गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय केवल दावे कर रही है। किसानों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन और हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। नगर निकायों की बदहाल व्यवस्था का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस कर्मचारियों के न्यायोचित अधिकारों और जनता की सुविधाओं के पक्ष में मजबूती से खड़ी है।

राव नरेंद्र सिंह ने रेवाड़ी में एम्स परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि “एम्स जैसी महत्वपूर्ण परियोजना को समय पर पूरा न कर पाना सरकार की प्रशासनिक विफलता है। जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लंबे समय से इंतजार कराया जा रहा है। भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि रेवाड़ी और दक्षिण हरियाणा की जनता को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएँ आखिर कब मिलेंगी।”

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाएं तथा कांग्रेस की जनहितकारी सोच और संघर्ष को जनता के बीच मजबूती से रखें।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, एआईसीसी सचिव एवं पूर्व विधायक चिरंजीव राव, जिला रेवाड़ी ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष छावड़ी, जिला शहरी के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, पूर्व मंत्री डॉ. एम.एल. रंगा, पूर्व मंत्री जगदीश यादव, पूर्व मंत्री जसवंत सिंह बवाल सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!