डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में तीन दिवसीय अभियान का सफल समापन, 3 लाख 95 हजार 94 बच्चों तक पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीमें
गुरुग्राम, 30 जून। डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में जिले में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। अभियान के अंतिम दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों तक पहुंच बनाई और उन्हें पोलियो रोधी खुराक पिलाई। अभियान का उद्देश्य जिले के पांच वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद पिलाकर गुरुग्राम को पूर्णतः पोलियो मुक्त बनाए रखना था।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि अभियान के तहत जिले में कुल 3 लाख 95 हजार 808 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। अभियान की समाप्ति तक 3 लाख 95 हजार 94 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई, जो निर्धारित लक्ष्य का 99.84 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग की टीमों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों तथा आमजन के सहयोग से संभव हो सकी।
डॉ. जयप्रकाश ने कहा कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ स्लम बस्तियों, निर्माण स्थलों, ईंट-भट्टों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया कि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी खुराक से वंचित न रहे। अभियान के दौरान लगातार निगरानी रखी गई और छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने के लिए विशेष प्रयास किए गए।
उन्होंने जिलेवासियों, अभिभावकों, स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं सहित अभियान से जुड़े सभी विभागों और स्वयंसेवी संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से जिले ने उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के प्रति इसी प्रकार जागरूक रहकर बच्चों को सभी आवश्यक टीके समय पर लगवाना आवश्यक है, ताकि उन्हें विभिन्न गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।







