संयुक्त आयुक्त, जोनल टैक्सेशन अधिकारियों तथा स्वच्छता अधिकारियों की जोनवार जिम्मेदारियां निर्धारित, सेवा वितरण और निगरानी व्यवस्था होगी और प्रभावी
गुरुग्राम, 15 जून। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा हाल ही में लागू की गई 2 क्लस्टर एवं 8 जोन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। निगमायुक्त प्रदीप दहिया द्वारा जारी आदेशों के तहत संयुक्त आयुक्तों, जोनल टैक्सेशन अधिकारियों तथा स्वच्छता अधिकारियों की जोनवार जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। इसका उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय, प्रभावी निगरानी, त्वरित शिकायत निवारण तथा नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना है।
प्रत्येक जोन के लिए नियुक्त किए गए संयुक्त आयुक्त
नई व्यवस्था के तहत सभी 8 जोनों के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अनुसार अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी को जोन-1, अतिरिक्त निगमायुक्त यश जलुका को जोन-8, अतिरिक्त निगमायुक्त पूजा चांवरिया को जोन-4, अतिरिक्त निगमायुक्त रविंद्र यादव को जोन-3, अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. जयवीर यादव को जोन-5, संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार को जोन-6, संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह को जोन-2 तथा संयुक्त आयुक्त रविंद्र मलिक को जोन-7 का प्रभार दिया गया है। इन अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रशासनिक निगरानी एवं सेवा वितरण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्लस्टर प्रमुखों की भी हुई नियुक्ति
निगम प्रशासन ने क्लस्टर स्तर पर कार्यों के बेहतर समन्वय के लिए अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी को क्लस्टर-1 तथा यश जलुका को क्लस्टर-2 का प्रमुख नियुक्त किया है। वहीं अतिरिक्त निगमायुक्त रविंद्र यादव को मुख्यालय तथा संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह को एसबीएम (स्वच्छ भारत मिशन) कार्यों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
राजस्व व कर संग्रहण को मिलेगा बढ़ावा
निगम द्वारा प्रत्येक जोन के लिए जोनल टैक्सेशन अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है। इन अधिकारियों की जिम्मेदारी प्रॉपर्टी टैक्स संग्रहण, राजस्व बढ़ाने, कर संबंधी शिकायतों के समाधान तथा राजस्व प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाना होगी। इससे कर संग्रहण व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।
जारी आदेशों के अनुसार एओ राजेश कुमार को जोन -1, ईओ गुलशन सलूजा को जोन -2, राजेश यादव को जोन -3 व मुख्यालय, एसओ सीमा यादव को जोन -4, बीएस छौकर को जोन -5, एसओ उर्मिला पुनिया को जोन -6, एसओ सुषमा यादव को जोन -7, पंकज को जोन -8 तथा दिनेश कुमार को मुख्यालय का प्रभार दिया गया है।
स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी के लिए अलग जिम्मेदारियां
स्वच्छता सेवाओं की बेहतर मॉनिटरिंग के लिए वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षकों, स्वच्छता निरीक्षकों एवं सफाई विशेषज्ञों को भी जोनवार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक संदीप को क्लस्टर-1, हर्ष चावला को क्लस्टर-2 तथा ऋषि मलिक को संयुक्त आयुक्त-एसबीएम कार्यालय का प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा प्रत्येक जोन के लिए अलग-अलग स्वच्छता निरीक्षकों और सफाई विशेषज्ञों की नियुक्ति की गई है, जो सफाई व्यवस्था, फील्ड स्टाफ की निगरानी तथा स्वच्छता मानकों के पालन को सुनिश्चित करेंगे। इसके तहत जोन -1 में सफाई निरीक्षक हरीश शर्मा, जोन -2 में सफाई एक्सपर्ट प्रदीप कुमार, जोन -3 में सफाई निरीक्षक भूपेंद्र, जोन -4 में सफाई एक्सपर्ट दीपक, जोन -5 में सफाई एक्सपर्ट भूपेंद्र, जोन -6 में सफाई एक्सपर्ट नरेश, जोन -7 में सफाई एक्सपर्ट देवेंद्र बिश्नोई तथा जोन -8 में सफाई निरीक्षक दीपक डागर को जिम्मेदारी दी गई है।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। नई क्लस्टर एवं जोन व्यवस्था के माध्यम से प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी, जवाबदेही सुनिश्चित होगी तथा विकास एवं स्वच्छता कार्यों की निगरानी और अधिक प्रभावी बनेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के निर्देश दिए।








