भव्य योजना से भारत को मिलेगा औद्योगिक विकास का नया आयाम : विनोद बापना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम (जतिन/राजा ) – फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज (एफआईआई) हरियाणा के चेयरमैन एवं कैपेरो मारुति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विनोद बापना ने केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) का स्वागत करते हुए इसे देश के औद्योगिक विकास, विनिर्माण क्षेत्र की मजबूती तथा रोजगार सृजन की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल बताया है।

विनोद बापना ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लगभग 33,660 करोड़ रुपये की लागत से देशभर में 100 प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक क्लस्टर एवं पार्कों के विकास का निर्णय भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना से उद्योगों को पहले से विकसित आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे नए उद्योगों की स्थापना में लगने वाला समय और लागत दोनों कम होंगे।

उन्होंने कहा कि भव्य योजना के अंतर्गत विकसित होने वाले औद्योगिक पार्कों में सड़क, बिजली, जलापूर्ति, जल निकासी, वेयरहाउसिंग, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी नेटवर्क, परीक्षण प्रयोगशालाएं, भंडारण सुविधाएं तथा श्रमिकों के लिए आवास जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे निवेशकों को बेहतर औद्योगिक वातावरण मिलेगा और उत्पादन गतिविधियों में तेजी आएगी। चेयरमैन ने कहा कि यह योजना विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), स्टार्टअप्स, ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग, लॉजिस्टिक्स तथा आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े उद्योगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। पूर्व-अनुमोदित भूमि और तैयार अवसंरचना उपलब्ध होने से उद्योगों को व्यवसाय प्रारंभ करने में आने वाली प्रशासनिक एवं तकनीकी चुनौतियों में कमी आएगी।

विनोद बापना ने कहा कि प्रधानमंत्री गतिशक्ति, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे राष्ट्रीय अभियानों को यह योजना नई गति प्रदान करेगी। क्लस्टर आधारित औद्योगिक विकास से उद्योगों, आपूर्तिकर्ताओं और सेवा प्रदाताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जिससे घरेलू आपूर्ति श्रृंखला और अधिक सुदृढ़ बनेगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भव्य योजना के माध्यम से देश में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा तथा अनुमानित 15 लाख प्रत्यक्ष रोजगार अवसरों का सृजन होगा। इससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और राज्यों में संतुलित औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें