रिकॉर्ड रूम में आगजनी के बाद सुरक्षा और फॉरेंसिक जांच के चलते आमजन के प्रवेश पर रोक
गुरुग्राम, 24 मई। जिला न्यायालय परिसर स्थित रिकॉर्ड रूम में लगी भीषण आग की घटना के बाद सुरक्षा, पुलिस अनुसंधान और फॉरेंसिक जांच को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सोमवार 25 मई 2026 को न्यायालय परिसर के सभी प्रवेश द्वार पूर्णत: बंद रखने का निर्णय लिया है।
गुड़गांव पुलिस की ओर से जारी सूचना के अनुसार, प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारियों को छोड़कर आम जनता सहित किसी भी व्यक्ति के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इस दौरान पुलिस द्वारा घटना स्थल का गहन निरीक्षण, फॉरेंसिक जांच तथा मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रिकॉर्ड रूम में लगी आग के कारण बड़ी मात्रा में न्यायिक अभिलेख और महत्वपूर्ण दस्तावेज प्रभावित हुए हैं। ऐसे में घटना से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से न्यायालय परिसर में अनावश्यक आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने और जांच प्रक्रिया को प्रभावित होने से बचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है, जबकि पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।
गुड़गांव पुलिस ने मीडिया कर्मियों और पत्रकारों से भी विशेष सहयोग की अपील की है। पुलिस की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि जब तक जांच और मलबा हटाने का कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक बिना किसी अनिवार्य अथवा आपातकालीन आवश्यकता के न्यायालय परिसर में प्रवेश न किया जाए।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि स्थिति सामान्य होते ही आधिकारिक रूप से अगली सूचना जारी कर दी जाएगी। फिलहाल पूरे न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस बल तैनात किया गया है।







