राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, बैलगाड़ी पर सवार होकर राव नरेंद्र सिंह ने किया विरोध मार्च का नेतृत्व

गुरुग्राम/चंडीगढ़, 23 मई। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को गुरुग्राम में पेट्रोल-डीजल, CNG और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में विशाल रोष प्रदर्शन आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम के अध्यक्ष वर्धन यादव द्वारा आयोजित इस प्रदर्शन में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं, महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों ने भाग लिया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई और ईंधन कीमतों पर रोष व्यक्त किया। प्रदर्शन का मुख्य आकर्षण बैलगाड़ी रही, जिस पर सवार होकर राव नरेंद्र सिंह ने विरोध मार्च का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने देश को विकास की राह से हटाकर पिछड़े दौर की ओर धकेलने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि आज आम जनता महंगाई की मार से त्रस्त है। पेट्रोल, डीजल, CNG और LPG की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारियों और आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर परिवहन, खाद्य वस्तुओं और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है, जिससे आम नागरिक का जीवन कठिन होता जा रहा है।
राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव समाप्त होते ही पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाना भाजपा की परंपरा बन चुकी है। वर्ष 2014, 2015, 2019, 2022 और अब 2026 में भी यही क्रम दोहराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में भाजपा सरकारों ने जनता की जेब से लगभग 57 लाख करोड़ रुपये वसूलने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार पेट्रोल और डीजल पर भारी VAT लगाकर प्रदेशवासियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। उनके अनुसार हरियाणा में पेट्रोल पर 18.20 प्रतिशत VAT लगाया जा रहा है, जिसके तहत प्रति लीटर लगभग 18 रुपये वसूले जा रहे हैं, जबकि डीजल पर 16 प्रतिशत VAT के कारण प्रति लीटर करीब 14.50 रुपये का अतिरिक्त भार जनता को उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में CNG की कीमत बढ़कर 86.12 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच चुकी है, जिससे ऑटो-टैक्सी चालकों, छोटे व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और मध्यम वर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर प्रभाव पड़ा है।
प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने गुरुग्राम के उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि केंद्र सरकार ईंधन की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए ठोस नीति बनाए तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने पर उसका सीधा लाभ जनता को तुरंत दिया जाए।
इस अवसर पर पीसीसी सदस्य पंकज भारद्वाज, अनुसूचित विभाग के उपाध्यक्ष अनिल धानक, पीसीसी सदस्य कुलराज कटारिया, कृष्ण राव, अधिवक्ता चौधरी संतोख सिंह, नगर निगम मेयर प्रत्याशी नीरज यादव, जिला उपाध्यक्ष सतबीर पहलवान, योगेश यादव, सतपाल भारद्वाज, वरिष्ठ महिला नेत्री सेलजा भाटिया, सुनीता वर्मा, जिला महासचिव सूबे सिंह यादव, राजकुमार यादव, राकेश यादव, संजय भारद्वाज, पूर्व चेयरमैन रज्जू सहरावत, मोहनलाल सैनी, प्रमोद सैनी, जिला सचिव दीपेश कौशिक, हरेंद्र सहारावत, राहुल जेलदार, संदीप यादव, भीम सोनी, नरबीर नेहरा, आशीष धनखड़, शिव बोकेन, विशेष यादव सहित हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








