30 स्थानों पर देर रात तक चलेगा ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग अभियान
सीसीटीवी निगरानी और ऑनलाइन चालान व्यवस्था होगी और मजबूत
ट्रैफिक जाम कम करने के लिए तकनीक आधारित प्रबंधन पर जोर
गुरुग्राम, 23 मई 2026। शिवास कविराज की अध्यक्षता में गुरुग्राम पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, सुरक्षित एवं सुचारू बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में यातायात नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से ट्रैफिक प्रबंधन मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त ने यातायात पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि चेकिंग अभियान के दौरान विशेष रूप से 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के वाहन चालकों एवं बाइक सवारों द्वारा किए जा रहे यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ परिवार के साथ यात्रा कर रहे नागरिकों के प्रति संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
ड्रिंक एंड ड्राइव की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए गुरुग्राम में 30 विशेष चेकिंग प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं। इन स्थानों पर बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को देर रात तक सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से कार पूलिंग को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया। इसके लिए निजी कंपनियों और कॉर्पोरेट संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों को कार पूलिंग अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ऑनलाइन ट्रैफिक चालान व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा तकनीकी माध्यमों से ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करने पर भी चर्चा की गई। ट्रैफिक जाम वाले प्वाइंट चिन्हित कर तकनीक आधारित समाधान लागू करने की योजना पर भी विचार किया गया।
इस बैठक में प्रतीक गहलोत सहित सभी सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, यातायात निरीक्षक, थाना यातायात प्रबंधक और अन्य संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।








