मिलेनियम सिटी में घोड़ागाड़ी पर चढ़ कांग्रेस का महंगाई मार्च

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम में पेट्रोल-डीजल और नीट पेपर लीक पर भाजपा सरकार को घेरा,

ताऊ देवीलाल स्टेडियम से मिनी सचिवालय तक विरोध प्रदर्शन

महंगाई और भ्रष्टाचार से त्रस्त है देश की जनता- राव नरेंद्र सिंह

गुरुग्राम। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को गुरुग्राम में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित इस विरोध मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घोड़ागाड़ी पर सवार होकर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और आम आदमी की परेशानियों को प्रतीकात्मक अंदाज में सामने रखा। प्रदर्शन की अगुवाई प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने की, जबकि आयोजन जिला कांग्रेस अध्यक्ष वर्धन यादव की ओर से किया गया। ताऊ देवीलाल स्टेडियम द्वार से शुरू हुआ यह प्रदर्शन मिनी सचिवालय तक पहुंचा, जहां कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम हितेंद्र शर्मा को ज्ञापन सौंपा।

घोड़ागाड़ी बनी विरोध का प्रतीक

प्रदर्शन की सबसे खास तस्वीर घोड़ागाड़ी रही। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घोड़ागाड़ी पर बैठकर यह संदेश देने की कोशिश की कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की जिंदगी को पीछे धकेल दिया है। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई ने गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और छोटे कारोबारियों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर रोजमर्रा की जरूरतों और परिवहन खर्च पर पड़ रहा है।

देश में युवाओं का भविष्य भी सुरक्षित नहीं : राव नरेंद्र सिंह

इस दौरान राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ जनता महंगाई से परेशान है, वहीं दूसरी तरफ युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों ने आम परिवार की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। दूसरी ओर नीट पेपर लीक जैसे मामलों ने देश के मेहनती युवाओं का विश्वास तोड़ा है। सरकार न महंगाई रोक पा रही है और न ही परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रख पा रही है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़कों पर संघर्ष करती रहेगी और महंगाई व भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।

जनता बदलाव चाहती है : वर्धन यादव

जिला कांग्रेस अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि आज गरीब आदमी वाहन चलाने से पहले पेट्रोल के दाम सोचता है और गैस सिलेंडर भरवाना भी बड़ी चुनौती बन गया है। वर्द्धन यादव ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार टैक्स बढ़ाकर जनता की जेब काट रही है। युवा बेरोजगारी और पेपर लीक से परेशान हैं। जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस उनके मुद्दों को मजबूती से उठा रही है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। पूरे मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महंगाई कम करने व परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन में पीसीसी सदस्य पंकज भारद्वाज, अनुसूचित विभाग उपाध्यक्ष अनिल धानक, पीसीसी सदस्य कुलराज कटारिया, अधिवक्ता चौधरी संतोख सिंह, नगर निगम मेयर प्रत्याशी नीरज यादव, जिला उपाध्यक्ष सतबीर पहलवान, योगेश यादव, सतपाल भारद्वाज, वरिष्ठ महिला नेत्री सेलजा भाटिया, सुनीता वर्मा, जिला महासचिव सूबे सिंह यादव, राज कुमार यादव, राकेश यादव, संजय भारद्वाज, पर्व चेयरमैन रज्जू सहरावत, मोहनलाल सैनी, प्रमोद सैनी, जिला सचिव दीपेश कौशिक हरेंद्र सहवारत, राहुल जैलदार, संदीप यादव, भीम सोनी, नरबीर नेहरा, आशीष धनखड़, शिव बोकेन, विशेष यादव आदि सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!