महिला आरक्षण लागू होने तक अधूरा रहेगा राजीव गांधी जी का सपना : पर्ल चौधरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की नेत्रियों ने दिल्ली में आयोजित ओबीसी नारी न्याय सम्मेलन में निभाई सक्रिय भागीदारी

नई दिल्ली/चंडीगढ़। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गाँधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर अखिल भारतीय महिला काँग्रेस द्वारा इंदिरा भवन नई दिल्ली में “ओबीसी नारी न्याय सम्मेलन” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी के नेतृत्व में हरियाणा से ओबीसी समाज की वरिष्ठ महिला नेत्रियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

सम्मेलन में महिलाओं के सम्मान, अधिकार, सुरक्षा एवं राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि भाजपा ने महिला आरक्षण के नाम पर देश की महिलाओं को केवल गुमराह करने का कार्य किया है। अप्रैल 2026 के विशेष सत्र में लाया गया बिल वास्तव में महिला आरक्षण नहीं बल्कि परिसीमन का बिल था। चुनावों के दौरान महिला आरक्षण को राजनीतिक प्रचार का माध्यम बनाया गया, लेकिन आज तक इसे लागू नहीं किया गया।

अलका लांबा ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी जी का सपना तब तक अधूरा रहेगा, जब तक देश की लोकसभा और सभी विधानसभाओं में महिलाओं को वास्तविक आरक्षण नहीं मिल जाता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गाँधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने लगभग दो दशकों तक महिला आरक्षण बिल को पारित कराने का प्रयास किया, लेकिन बहुमत के अभाव में यह संभव नहीं हो पाया। वहीं भाजपा ने पूर्ण बहुमत होने के बावजूद महिलाओं को केवल आश्वासन और प्रतीक्षा दी।

हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने कहा कि राजीव गांधी जी ने महिलाओं को केवल वोटर नहीं, बल्कि देश निर्माण की निर्णायक शक्ति के रूप में देखा। उनकी दूरदर्शी सोच के कारण ही संविधान के 73वें और 74वें संशोधन के माध्यम से पंचायती राज एवं नगरपालिकाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण सुनिश्चित हुआ, जिसने लाखों महिलाओं को नेतृत्व का अवसर प्रदान किया।

पर्ल चौधरी ने कहा कि जिस 18 वर्ष की आयु में समाज अक्सर बेटियों के विवाह के बारे में सोचने लगता था, उस उम्र में राजीव गांधी जी ने देश की बेटियों को मतदान का अधिकार देकर उन्हें राष्ट्र निर्माण और लोकतंत्र को मजबूत करने की ऐतिहासिक जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने युवाओं और विशेष रूप से महिलाओं की शक्ति को पहचाना तथा उन्हें केवल घर की चारदीवारी तक सीमित देखने के बजाय देश की नीति, राजनीति और भविष्य निर्माण में सहभागी बनाने का कार्य किया।

पर्ल चौधरी ने कहा कि आज देश की आधी आबादी जिस राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी की ओर आगे बढ़ रही है, उसकी मजबूत नींव राजीव गांधी जी ने रखी थी। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य और भागीदारी उनके विजन का महत्वपूर्ण हिस्सा थे। उन्होंने कहा कि जब तक महिलाएँ सुरक्षित नहीं होंगी, तब तक देश के विकास की बात अधूरी रहेगी , यही सोच राजीव गांधी जी की संवेदनशील और प्रगतिशील नेतृत्व क्षमता को दर्शाती है।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लाम्बा ने संविधान की प्रस्तावना की शपथ भी दिलाई तथा लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की रक्षा का संकल्प लिया गया। महिलाओं के स्वास्थ्य पर आयोजित विशेष सत्र में डॉ. रीता बक्शी, डॉ. रागिनी अग्रवाल एवं डॉ. गीता ने फर्टिलिटी समस्याएं, मेनोपॉज़, महिला कैंसर जागरूकता, मानसिक स्वास्थ्य एवं प्रिवेंटिव हेल्थकेयर जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी साझा की।

इसी अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी टीम सदस्यों को बधाई दी और इसे मानवता की सेवा का पुनीत कार्य बताया।

दिन की शुरुआत में हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की नेत्रियों ने वीर भूमि पहुंचकर स्वर्गीय राजीव गांधी जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके सपनों के भारत के निर्माण हेतु संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से हरियाणा ओबीसी समाज की महिला नेत्रियाँ दीपिका डागर, डॉ राजवती यादव, उषा शर्मा, निर्मल यादव, मीनाक्षी, रवीना यादव, राजेश यादव, नीलम, सुनीता गुर्जर एवं अन्य भागीदारी निभाई ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!