जनगणना-2027 के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन में तैनात कर्मचारियों को विभागीय कार्यों से राहत देने के आदेश, समयबद्ध रूप से पूरा होगा जनगणना कार्य

गुरुग्राम, 21 मई। जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन को निर्धारित समय सीमा में सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी प्रदीप दहिया ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों, कार्यालयों एवं शाखाओं को निर्देशित किया है कि जनगणना कार्य में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके नियमित विभागीय कार्यों से आवश्यक राहत प्रदान की जाए, ताकि वे जनगणना संबंधी दायित्वों का निर्वहन बिना किसी बाधा के कर सकें।

प्रधान जनगणना अधिकारी द्वारा कहा गया है कि जनगणना-2027 के तहत हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन वर्तमान में निगम क्षेत्र में प्रगति पर है। यह कार्य राष्ट्रीय महत्व का है तथा भारत सरकार एवं राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित किया जा रहा है।

जारी निर्देशों में उल्लेख किया गया है कि जनगणना कार्य में लगे कई अधिकारी एवं कर्मचारी नियमित विभागीय जिम्मेदारियों के कारण निर्धारित समयावधि में अपने जनगणना संबंधी कार्यों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। हाउस लिस्टिंग कार्य की प्रकृति समयबद्ध है, जिसमें फील्ड विजिट, सत्यापन, डेटा संकलन एवं समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करना शामिल है। ऐसे में संबंधित कर्मचारियों की निर्बाध उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है।

इसी को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों एवं शाखाओं के प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि जनगणना-2027 के लिए नियुक्त कर्मचारियों को आवश्यक प्रशासनिक सहयोग एवं पर्याप्त समय उपलब्ध कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि जनगणना कार्यों के निर्वहन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो तथा तैनात कर्मचारी जनगणना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरा करें।

निगमायुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी प्रदीप दहिया ने स्पष्ट किया है कि जनगणना-2027 देश के विकास, योजना निर्माण एवं नीतिगत निर्णयों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। ऐसे में सभी संबंधित विभागों का सहयोग और समन्वय इस अभियान की सफलता के लिए आवश्यक है। प्रशासन को उम्मीद है कि इन निर्देशों के बाद हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन का कार्य और अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सकेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें