एक जुलाई 2026 अहर्ता तिथि के आधार पर हरियाणा में विशेष गहन पुनरिक्षण अभियान शुरू …..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

22 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

राजनीतिक दल विशेष गहन पुनरिक्षण के लिए शीघ्र करें बीएलएस की नियुक्तियां

शुद्ध व सटीक मतदाता सूची तैयार करवाने में बीएलओ व बीएलए होते हैं एक अति महत्वपूर्ण कड़ी- ए श्रीनिवास

चंडीगढ़, 20 मई – हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास ने राज्य के सभी राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त व राज्यस्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आह्वान किया है कि वे अपनी- अपनी पार्टियों के लिए बूथ लेवल एजेंट 1 व 2 की नियुक्ति आगामी सप्ताह के अंदर -अंदर करके मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को सूचित करें क्योंकि मतदाता सूचियों विशेष गहन पुनरिक्षण का कार्य15 जून से आरंभ किया जा रहा है, इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी घर- घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे। शुद्ध व सटीक मतदाता सूची तैयार करवाने में बीएलओ व बीएलए एक अति महत्वपूर्ण कड़ी है।

ए श्रीनिवास आज यहां अपने कार्यालय में राजनीतिक दलों के लिए विशेष गहन पुननिरीक्षण 2026 को लेकर उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे। बैठक में भारतीय जनता की पार्टी की ओर से वीरेंद्र गर्ग, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से रणधीर सिंह राणा व बहुजन समाज पार्टी की ओर से पवन कौशल, सीपीआई(एम) की ओर से आरएस साथी, आम आदमी पार्टी की ओर से एडवोकेट विनस मलिक तथा जननायक जनता पार्टी की ओर से रणधीर सिंह झाझडिया ने भाग लिया।

उन्होंने उपायुक्त -कम -जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष संघन संशोधन कार्यों के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने उपायुक्तों का आह्वान किया कि गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला व सोनीपत जैसे शहरों में बहुमंजिली आवासीय सोसाइटी बड़ी संख्या में है और बीएलओ को कई बार इन सोसायटी में प्रवेश नहीं करने दिया जाता , इसलिए वे आरडब्लयूए पदाधिकारियों को निर्देश दें कि वे विशेष संघन संशोधन कार्यों की जानकारी लेने के लिए बीएलओ व बीएलए आएंगे और उन्हें जानकारी एकत्रित करने की अनुमति दी जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 12 मई 2026 तक हरियाणा में कुल मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 6 लाख 63 हजार 155 दर्ज की गई है। विशेष संघन संशोधन कार्य के लिए प्रदेशभर में 20 हजार 629 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की नियुक्ति की गई है, जो 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी एकत्रित करेंगे। अब तक विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा केवल 12 हजार 917 बूथ लेवल एजेंट भी नियुक्त किए गए हैं, इसलिए अतिरिक्त बीएलए की नियुक्तियां जरुरी हैं।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत करवाया कि राज्य में मतदाता सूचियों की मैपिंग का कार्य 64 प्रतिशत हो चुका है। उन्होंने इस बात की जानकारी दी कि विशेष गहन पुनरिक्षण कार्य में मतदाताओं के सहयोग के लिए विधानसभावार व सभी जिला मुख्यालय पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में विशेष गहन पुनरिक्षण कार्य वर्ष 2002 में हुआ था। हर 20 वर्ष के बाद यह कार्य किया जाता है।

उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 16 राज्यों तथा 3 केंद्रशासित प्रदेशों में चरणबद्ध तरीके से मतदाता सूचियों का विशेष संघन संशोधन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तीसरे चरण के अंतर्गत हरियाणा में 1 जुलाई 2026 को अहर्ता तिथि निर्धारित की गई है। इस अभियान के तहत 5 जून से 14 जून 2026 तक तैयारियां, प्रशिक्षण एवं मुद्रण कार्य संपन्न किया जाएगा।बीएलओ, ईआरओ , एईआरओ व अन्य कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण के 3 राउंड पूरे किये जा चुके हैं और दोबारा प्रशिक्षण कार्य करवाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण एवं समीकरण का कार्य 14 जुलाई 2026 तक पूरा किया जाएगा, जबकि ड्राफ्ट मतदाता सूचियों का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद दावे एवं आपत्तियां 21 जुलाई 2026 से 20 अगस्त 2026 तक दर्ज करवाई जा सकेंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटान 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। विशेष गहन पुनरिक्षण के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण कार्य में निर्वाचन अधिकारियों एवं बीएलओ का सहयोग करें, ताकि त्रुटिरहित एवं पारदर्शी मतदाता सूची तैयार की जा सके।

इस बैठक में अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मती रितु, श्री अपूर्व, संयुक्त निर्वाचन अधिकारी राजकुमार लोहान के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!