नीट पेपर लीक, महंगाई और ईंधन कीमतों के विरोध में कांग्रेस का जींद में जोरदार प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संकट की हर घड़ी में जनता के साथ मजबूती से खड़ी है कांग्रेस : राव नरेंद्र सिंह

चंडीगढ़/जींद, 20 मई। नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण, बढ़ती महंगाई तथा पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को जींद में जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अगुवाई में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने भाग लिया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि आज देश का युवा पेपर लीक जैसी घटनाओं से निराश और हताश है।

इस दौरान राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होना अत्यंत गंभीर एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इस प्रकरण ने लगभग 22 लाख विद्यार्थियों और उनके परिवारों की मेहनत, विश्वास और भविष्य पर गहरा आघात पहुँचाया है। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र-छात्राएँ मानसिक तनाव और अवसाद का सामना कर रहे हैं तथा इस घटना से आहत होकर दो विद्यार्थियों द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबरें अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक हैं।

उन्होंने कहा कि यह कोई पहला अवसर नहीं है जब किसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाएँ सामने आई हों। विगत वर्षों में भी अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं में इस प्रकार की अनियमितताएँ उजागर हुई हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि यह एक संगठित पेपर लीक माफिया का नेटवर्क है, जो युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर एवं उदाहरणात्मक कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इससे ही देश के युवाओं का विश्वास पुनः स्थापित हो सकेगा।

वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौ. वीरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आम जनता महंगाई की मार से परेशान है। लगातार बढ़ती गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने लोगों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में असफल रही है।

चौ. वीरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और संकट की हर घड़ी में आम लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लाखों मेहनती छात्रों और उनके परिवारों के साथ अन्याय हुआ है, जिसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं पर जल्द ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी।

इस अवसर पर कामगार कर्मचारी कांग्रेस हरियाणा के चेयरमैन नरेश मलिक, जींद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ऋषीपाल, पूर्व मंत्री रामभज लोधार, पूर्व विधायक सुभाष गंगोली व दयानंद शर्मा, महावीर गुप्ता, प्रमोद सहवाग, सतबीर दबलैन, रघुबीर भारद्वाज, राजवंती, दलीप चेयरमैन, वजीर पननु, सुमेर प्रधान, महेंद्र रता, ऋषि यादव, अरविन्द डेलू, प्रताप सरपंच सहित विभिन्न संगठनों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!