सरकारी जमीन पर नशे का कारोबार चला रहीं महिलाओं पर कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
गुरुग्राम, 23 अप्रैल 2026 – गुरुग्राम पुलिस ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों और भूमि माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों के संगठित नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर सेक्टर-21 क्षेत्र में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित कर भारी मशीनरी की सहायता से अवैध झुग्गियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से सरकारी भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि इन अवैध झुग्गियों का उपयोग न केवल कब्जे के लिए, बल्कि नशीले पदार्थों के कारोबार के लिए भी किया जा रहा था। इस मामले में महिला आरोपी अनीता (निवासी पश्चिम बंगाल) और सुनीता (निवासी गांव दमदुमा, जिला छपरा) को चिन्हित किया गया है। दोनों के खिलाफ थाना पालम विहार, गुरुग्राम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पहले से दर्ज है।
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपी महिलाओं ने HSVP की सरकारी जमीन पर अवैध झुग्गियां बनाकर उन्हें संगठित आपराधिक गतिविधियों के संचालन का केंद्र बना लिया था। यहां से अवैध मादक पदार्थों का व्यापार कर आसपास के क्षेत्र में अपराध को बढ़ावा दिया जा रहा था।
यह पूरी कार्रवाई अपराध शाखा पालम विहार, गुरुग्राम द्वारा HSVP के साथ समन्वय में की गई। पुलिस की कड़ी निगरानी में सभी अवैध संरचनाओं को हटाकर भूमि को पूरी तरह मुक्त कराया गया और अभियान के दौरान कानून व्यवस्था भी पूरी तरह बनाए रखी गई।
गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए ऐसे खुफिया-आधारित अभियान आगे भी और तेज़ी से जारी रहेंगे, ताकि शहर को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।








