बच्चों और युवाओं को स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया प्रेरित, ‘समाधान हब’ का उद्घाटन

गुरुग्राम, 22 अप्रैल। अंतरराष्ट्रीय पृथ्वी दिवस के अवसर पर नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर बच्चों और युवाओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली के प्रति जागरूक और प्रेरित करना रहा।
इसी कड़ी में सेक्टर-56 में नगर निगम गुरुग्राम और आईएम गुड़गांव के संयुक्त तत्वावधान में “समाधान हब” का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड नंबर-21 की पार्षद सोनिया यादव एवं वार्ड नंबर-22 के पार्षद विकास यादव उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी, बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की उपाध्यक्ष श्रीमती प्रिंका यादव, एचएमएस टीम के सदस्य तथा आरडब्ल्यूए सेक्टर-56 के प्रधान हरीश यादव सहित बड़ी संख्या में नागरिक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने उपस्थित नागरिकों और बच्चों को पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया, जिसे सभी ने सराहा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में “आई एम गुड़गांव” संस्था की टीम, कोटक बैंक प्रबंधन, एचएमएस टीम के सदस्य, आरडब्ल्यूए सेक्टर-56 के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिकों व विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।
इसके अलावा सेक्टर-75 स्थित सूरज स्कूल में भी नगर निगम गुरुग्राम के सहयोग से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी और एचएमएस टीम के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और घरों में गीले व सूखे कचरे के लिए अलग-अलग कूड़ेदान रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
नगर निगम गुरुग्राम ने इस अवसर पर नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छ भारत मिशन को मजबूत करने में सहयोग दें और दैनिक जीवन में स्वच्छ आदतों को अपनाएं। निगम ने सभी से मिलकर गुरुग्राम को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।








