
चंडीगढ़,22/04/26 । हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सोनीपत के मेयर प्रत्याशी कमल दीवान के नामांकन को लेकर कार्यकर्ताओं की विशाल सभा को संबोधित किया । इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समर्थक मौजूद रहे, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह, ऊर्जा और जोश का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने स्थानीय लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान को भारी बहुमत से जीताने की अपील की।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी निकाय चुनावों को पूरी गंभीरता, मजबूती और जनसमर्थन के साथ लड़ रही है। पार्टी ऐसे स्वच्छ छवि, जनसेवा के प्रति समर्पित तथा विकासशील सोच रखने वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतार रही है, जो जनता की उम्मीदों पर खरा उतर सकें।

उन्होंने कहा कि इस बार निकाय चुनावों में महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
राव नरेंद्र सिंह ने स्थानीय निकायों में महिलाओं की अधिक भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं की सहभागिता से प्रशासन अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और प्रभावी बनता है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं के मुद्दों का केवल राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनियोजित साजिश के तहत भाजपा ने महिला आरक्षण बिल को लागू नहीं होने दिया और उसका ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ने का प्रयास कर रही है। यह तुष्टिकरण की राजनीति का स्पष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। वर्ष 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को शीघ्र लागू किए जाने की मांग दोहराते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार जल्द मिलना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि हरियाणा के निकाय चुनावों में कांग्रेस पार्टी जनता के समर्थन से बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी और प्रदेश में विकास तथा जनहित की नई दिशा तय करेगी।
इस अवसर पर रोहतक से सांसद श्री दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सोनीपत सांसद श्री सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक इंदु राज नरवाल, सोनीपत जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष संजीव दहिया, पूर्व विधायक जयवीर सिंह वाल्मीकि, जगबीर सिंह मलिक, सुरेंद्र पवार, पदम सिंह दहिया तथा सुखबीर फरमाना, राई से पूर्व प्रत्याशी श्री जय भगवान आंतिल तथा सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे।








