भारतीय योग संस्थान के शिविर में साधकों को योग, प्राणायाम और ध्यान का कराया गया अभ्यास, नई कार्यकारिणी का भी हुआ गठन

हिसार, 21 अप्रैल। योग साधना के माध्यम से स्वस्थ जीवन और मानसिक संतुलन का संदेश देते हुए सेक्टर-14 स्थित वानप्रस्थ सीनियर सिटीजन क्लब में आयोजित दो दिवसीय योग शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। भारतीय योग संस्थान के तत्वावधान में 20-21 अप्रैल को आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में साधकों ने भाग लिया।

शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। हरियाणा प्रांत के प्रधान ओम प्रकाश, उनकी धर्मपत्नी सुशीला तथा प्रांतीय मंत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. आर.के. सैनी के भजन से हुई, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया, वहीं डॉ. कमलेश कुकड़ेजा ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके अलावा श्रीमती सुनीता बहल, डॉ. कमलेश कुकड़ेजा और डॉ. पुष्पा खरब ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमामय बनाया।

शिविर के दौरान साधकों को गहरी श्वास-प्रश्वास, ॐ ध्वनि और गायत्री मंत्र का नियमित अभ्यास कराया गया। सुशीला ने मोटापा कम करने के लिए ताड़ासन, त्रियक ताड़ासन, कटिचक्रासन, त्रिकोणासन, मंडूकासन, उष्ट्रासन, पादचक्रासन और सर्पासन जैसे योगासनों का अभ्यास करवाते हुए शरीर-मन के संतुलन का महत्व समझाया।
प्रांतीय प्रधान ओम प्रकाश ने ध्यान और षट्कर्म की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने बताया कि ध्यान के दौरान विचारों को रोकने के बजाय उन्हें सहज रूप से आने-जाने देना चाहिए, जिससे मन धीरे-धीरे शांत होकर एकाग्रता की अवस्था प्राप्त करता है। उनके मार्गदर्शन में आयोजित विशेष ध्यान सत्र से वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष योग शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य बढ़ते मोटापे और उससे जुड़े दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करना है। संतुलित आहार और नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को योग से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला प्रधान सुरेश जांगड़ा ने भारतीय योग संस्थान के निःशुल्क योग प्रशिक्षण कार्य की सराहना की। साथ ही नई कार्यकारिणी का चयन करते हुए सर्वसम्मति से सुरेश जांगड़ा को पुनः जिला प्रधान तथा ज़ुबीन गोयल को महामंत्री चुना गया। मंच संचालन ज़ुबीन गोयल ने कुशलतापूर्वक किया।
वानप्रस्थ संस्था के महासचिव डॉ. जे.के. डांग ने अतिथियों एवं सभी साधकों का आभार व्यक्त किया। अंत में शांति पाठ के साथ शिविर का समापन हुआ।







