फरीदाबाद को इंफ्रास्ट्रक्चर बूस्ट …….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री ने एफएमडीए की 7वीं बैठक में  वित्त वर्ष 2026–27 के लिए 988 करोड़ के वार्षिक बजट को दी मंजूरी

सीवरेज, जल आपूर्ति, ड्रेनेज, सड़कों और हरित विकास से शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर में होंगे जरुरी बदलाव

चंडीगढ़, 3 अप्रैल- फरीदाबाद महानगरीय विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की 7वीं बैठक सूरजकुंड में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

एफएमडीए के माध्यम से फरीदाबाद में बुनियादी ढांचे के विकास को बड़ी गति देते हुए, प्राधिकरण ने वित्त वर्ष 2026–27 के लिए 988 करोड़ रुपए के वार्षिक बजट को मंजूरी प्रदान की। इसके लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी। इन पहलों का उद्देश्य शहर के मूलभूत नागरिक ढांचे को मजबूत करना, पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देना और तेजी से बढ़ती शहरी आवश्यकताओं को पूरा करना है। बैठक में सीवरेज प्रबंधन, जल आपूर्ति, वर्षा जल निकासी, सड़क अवसंरचना और शहरी हरितीकरण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया। इन परियोजनाओं के माध्यम से सेवा वितरण में सुधार होगा और नागरिकों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी विकास प्राधिकरण के प्रधान सलाहकार  गति शक्ति के तहत संबंधित विभागों की हर 15 दिन में समन्वय बैठक करेंगे तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

85 करोड़ से होगा उन्नत अपशिष्ट जल शोधन और पुनः उपयोग

मुख्यमंत्री ने सतत जल प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रतापगढ़ में 90 एमएलडी क्षमता, मिर्जापुर में 70 एमएलडी और बादशाहपुर में 45 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) को सर्वोच्च तकनीक से अपग्रेड करने की मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि इन 205 एमएलडी क्षमता वाली इस परियोजना पर लगभग 85 करोड़ रुपए खर्च होंगे‌, जिसके तहत इनमें प्राथमिक शोधन, ओज़ोनेशन, यूवी डिसइंफेक्शन, फिल्ट्रेशन और स्लज प्रबंधन जैसी उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, साथ ही 10 वर्षों का संचालन एवं रखरखाव भी शामिल है। शुद्ध किए गए पानी का उपयोग सिंचाई के लिए किया जाएगा, जिससे मीठे पानी पर निर्भरता कम होगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “जल संरक्षण और पुनः उपयोग हमारे शहरों के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।”

सूरजकुंड में नया एसटीपी, सीवरेज व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

सीवेज ट्रीटमेंट क्षमता बढ़ाने के लिए सूरजकुंड क्षेत्र में 20 एमएलडी क्षमता का नया एसटीपी 42.20 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा तथा 10 वर्षों का रखरखाव शामिल होगा।

18 करोड़ से फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट बनेगा

फरीदाबाद की मास्टर सीवरेज योजना के तहत फरीदाबाद में मिर्जापुर, बादशाहपुर और प्रतापगढ़ स्थित तीन एसटीपी में 50 किलोमीटर क्षमता वाले मल कीचड़ उपचार संयंत्रों का डिजाइन, निर्माण कार्य 18 करोड रुपए की लागत से तैयार किया जाएगा।

21.24 करोड़ से सुरक्षित पेयजल परियोजना

मास्टर जल आपूर्ति योजना फरीदाबाद के तहत लगभग 30 एमएलडी पानी को शुद्ध किया जाएगा। इस 21.24 करोड़ रुपए की परियोजना से शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा, “हर नागरिक को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

210 वर्ग किमी क्षेत्र के लिए व्यापक ड्रेनेज योजना

मास्टर स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज फरीदाबाद के तहत जलभराव और शहरी बाढ़ की समस्या के समाधान के लिए 98.69 करोड़ रुपए की लागत से 210 वर्ग किमी क्षेत्र को कवर करने वाली मास्टर ड्रेनेज योजना को मंजूरी दी गई। इसमें नालों की सफाई, नए पाइपलाइन, पंपिंग सिस्टम और जल निकासी के नए बिंदुओं का विकास शामिल है। मुजेसर, सेक्टर 21ए, एनएचएआई पर बल्लभगढ़ और अनाज मंडी जैसे क्षेत्रों में नए डिस्पोजल पॉइंट बनाए जाएंगें।

एनआईटी क्षेत्र में करीब 67 करोड़ रुपए की लागत से 7.33 किमी सड़कों को  बनाया जाएगा मॉडल

फरीदाबाद में मास्टर रोड विकास के उद्देश्य से एनआईटी

क्षेत्र में 7.33 किमी सड़कों को मॉडल सड़कों में बदला जाएगा। इसमें फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, स्मार्ट लाइटिंग, ट्रैफिक सिग्नल, ग्रीन बेल्ट और मल्टी-यूटिलिटी ज़ोन विकसित किए जाएंगे, जिससे यातायात और सड़क सुरक्षा में सुधार होगा। इस कार्य पर करीब 67 करोड रुपए की राशि खर्च होगी। इसके साथ ही दिल्ली बॉर्डर (सेक्टर 37) से सेक्टर 59 तक 18 किमी लंबा ग्रीन बेल्ट विकसित किया जाएगा। यह दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे और आगरा नहर के साथ विकसित होगा, जिससे वायु गुणवत्ता और पर्यावरण में सुधार होगा। इस कार्य पर करीब 26 करोड रुपए की राशि खर्च होगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने एफएमडीए में हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड के माध्यम से ग्रुप सी और ग्रुप डी के पद भरने की भी स्वीकृति प्रदान की।

परियोजनाओं के समयबद्ध कार्यान्वयन पर जोर

बैठक में चल रही परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा, “इन परियोजनाओं से फरीदाबाद के विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्राप्त होंगी।

बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर, विधायक मूलचंद शर्मा (बल्लभगढ़), सतीश फागना (एनआईटी), धनेश अदलखा (बड़खल), मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, एफएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.सी. मीणा  सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और प्राधिकरण के सदस्य उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!