हरियाणा में बड़े पैमाने पर आईपीएस-एचपीएस अधिकारियों के तबादले, 29 अफसरों की बदली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कई जिलों में एसपी और डीसीपी स्तर पर व्यापक बदलाव, प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने पर जोर

चंडीगढ़, 2 अप्रैल 2026। हरियाणा सरकार के गृह विभाग ने प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आईपीएस और एचपीएस अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। राज्यपाल की मंजूरी के बाद जारी इस आदेश के तहत कुल 29 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी सूची के अनुसार कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) और उपायुक्त पुलिस (DCP) स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। नूंह के एसपी रहे राजेश कुमार को एसपी/एससीबी लगाया गया है, जबकि गुरुग्राम के डीसीपी अर्पित जैन को नूंह का नया एसपी नियुक्त किया गया है। रोहतक के एसपी सुरिंदर बोहाड़िया को कानून-व्यवस्था (L&O) की जिम्मेदारी दी गई है।

हिसार, फतेहाबाद, रोहतक, नारनौल, चरखी दादरी और पलवल जैसे जिलों में भी एसपी स्तर पर फेरबदल किया गया है। नितिश अग्रवाल को पलवल का एसपी बनाया गया है, जबकि वरुण सिंगला को सीआईडी में सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

महिला अधिकारियों में पूजा वशिष्ठ, नितिका खट्टर, जसलीन कौर और मेधा भूषण को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत जैसे बड़े शहरी क्षेत्रों में डीसीपी स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। राजेश कुमार मोहन को फरीदाबाद में डीसीपी क्राइम लगाया गया है, जबकि शुभम सिंह को झज्जर में डीसीपी क्राइम की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा एचपीएस अधिकारियों में भी कई अहम तबादले हुए हैं। सिद्धार्थ धांडा को पंचकूला में टेलीकॉम और ईआरएसएस का कार्यभार सौंपा गया है, जबकि संदीप कुमार को गुरुग्राम ईस्ट में डीसीपी नियुक्त किया गया है।

गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यह सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!