गुरुग्राम में विशेष मासिक स्वच्छता अभियान ने पकड़ी रफ्तार, चारों जोनों में तेज हुई सफाई व्यवस्था

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सडक़ों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक सफाई, नालियों की सफाई, कचरा उठान और एंटी स्मॉग गन से छिडक़ाव जारी

गुरुग्राम, 2 अप्रैल। शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शुरू किया गया एक माह का विशेष मासिक स्वच्छता अभियान अब पूरी गति पकड़ चुका है। इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित कचरा उठान के साथ-साथ सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।

नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया के निर्देशानुसार निगम के चारों जोनों में स्वच्छता अभियान को तेज किया गया है। जोन-1 में संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार, जोन-2 में अतिरिक्त निगमायुक्त पूजा चांवरिया, जोन-3 में संयुक्त आयुक्त डॉ. जयवीर यादव तथा जोन-4 में संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक के नेतृत्व में स्वच्छता टीमें पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रही हैं।

वीरवार को स्वच्छता टीमों ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-23, सेक्टर-15 पार्ट-2, सदर बाजार, सेक्टर-22, सिविल लाइंस, सरहौल, भूतेश्वर चौक, सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन, ओल्ड दिल्ली रोड, सेक्टर-31/39 डिवाइडिंग रोड, सेक्टर-15 पार्ट-1, ओल्ड रेलवे रोड, पटेल नगर, सनाथ रोड, भीम नगर, राजीव चौक, झाड़सा रोड, सेक्टर-40 और बड़ा बाजार सहित कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया।

अभियान के दौरान न केवल घरेलू कचरा उठाया गया, बल्कि बागवानी कचरा, धूल-मिट्टी की सफाई के साथ-साथ अवैध पोस्टर और बैनर भी हटाए गए। इसके अलावा नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की गई ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे। धूल नियंत्रण के लिए नगर निगम की ट्रक माउंटेड एंटी स्मॉग गन द्वारा विभिन्न सडक़ों पर पानी का छिडक़ाव भी किया जा रहा है। वहीं अतिरिक्त निगमायुक्त स्तर के अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि इस विशेष स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर को साफ-सुथरा और प्रदूषण मुक्त बनाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें और शहर की स्वच्छता बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!