सीटीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कमेटी की बैठक में ऑनलाइन ड्रॉ निकाला गया
गुरुग्राम, 20 फरवरी। लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में शुक्रवार को सीटीएम सपना यादव की अध्यक्षता में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की एसबी-89 योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को अनुदान पर ट्रैक्टर प्रदान करने हेतु जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पात्र किसानों के चयन के लिए ऑनलाइन ड्रॉ निकाला गया।
इस योजना के तहत कुल 60 किसानों के आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से ऑनलाइन ड्रॉ के माध्यम से 08 किसानों का चयन किया गया। चयनित किसानों को ट्रैक्टर की खरीद पर 50 प्रतिशत या अधिकतम 3 लाख रुपये (जो भी कम हो) की अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। जिन किसानों का नाम ड्रॉ में शामिल नहीं हो सका, उनकी सिक्योरिटी राशि उनके बैंक खातों में वापस कर दी जाएगी।
सीटीएम सपना यादव ने चयनित किसानों को बधाई देते हुए निर्देश दिए कि सभी चयनित किसान विभाग द्वारा निर्धारित तिथि तक अपने आवश्यक दस्तावेज सहायक कृषि अभियंता कार्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित करें। दस्तावेजों में ऑनलाइन आवेदन एवं फीस की रसीद, अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र, ‘मेरी फसल–मेरा ब्यौरा’ पंजीकरण प्रमाण, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते की प्रति तथा शपथ पत्र शामिल हैं।
इस अवसर पर नाबार्ड के अधिकारी, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. अनिल तंवर, सहायक कृषि अभियंता यादवेंद्र सिंह, एलडीएम विनोद बजाज सहित जिला भर के प्रगतिशील किसान एवं आवेदक किसान उपस्थित रहे।


