Educrest इंटरनेशनल स्कूल पर धोखाधड़ी का केस दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीबीएसई की फर्जी मान्यता दिखाकर छात्राओं का भविष्य दांव पर लगाने का आरोप

गुरुग्राम, 18 फरवरी 2026 – गुरुग्राम के सेक्टर-9B स्थित Educrest इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधन व स्टाफ के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि स्कूल ने खुद को Central Board of Secondary Education (CBSE) से मान्यता प्राप्त बताकर अभिभावकों को गुमराह किया और छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया।

पुलिस थाना सेक्टर-9ए गुरुग्राम में दर्ज अभियोग के अनुसार भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(2) व 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

क्या है पूरा मामला?

आज 18 फरवरी 2026 को पुलिस को एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी, जो उक्त स्कूल में कक्षा 10वीं की छात्रा है, के साथ गंभीर धोखाधड़ी की गई।

शिकायत के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं—

  • प्रवेश के समय स्कूल प्रबंधन ने दावा किया कि विद्यालय सीबीएसई से संबद्ध है और मान्यता प्रमाण-पत्र व संबद्धता नंबर भी दिखाया।
  • छात्रा से ट्यूशन फीस, बिल्डिंग फंड, परीक्षा शुल्क, कंप्यूटर शुल्क आदि विभिन्न मदों में नियमित शुल्क वसूला गया।
  • बोर्ड परीक्षा (कक्षा 10) के दौरान छात्रा को एडमिट कार्ड उपलब्ध नहीं कराया गया।
  • बाद में जांच में सामने आया कि विद्यालय न तो सीबीएसई से संबद्ध है और न ही मान्यता प्राप्त। प्रदर्शित रजिस्ट्रेशन नंबर भी गलत पाया गया।
  • इस कृत्य से छात्रा का एक शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हुआ।
ये हैं नामजद आरोपी

शिकायत में निम्न व्यक्तियों को नामजद किया गया है—

  1. विनय कटारिया (चेयरमैन)
  2. रिद्धिमा कटारिया (प्रिंसिपल)
  3. सिमर बत्रा (वाइस प्रिंसिपल)
  4. सोनिया (कोऑर्डिनेटर)
  5. अन्य संबंधित स्टाफ सदस्य
पुलिस ने क्या कहा?

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, प्राप्त शिकायत के आधार पर अभियोग दर्ज कर लिया गया है। संबंधित दस्तावेजों, मान्यता रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है। साथ ही शिक्षा विभाग एवं बोर्ड अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान में प्रवेश से पूर्व उसकी मान्यता एवं संबद्धता की आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें। किसी भी प्रकार की शंका होने पर तुरंत संबंधित थाना या पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क करें।

गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के भविष्य से जुड़े मामलों को अत्यंत गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों को कानून के अनुसार दंडित कराया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें