खांडसा की वारदात में एक आरोपी मौके पर दबोचा गया, दो को रायबरेली से अपराध शाखा ने काबू किया
गुरुग्राम, 17 फरवरी 2026। गांव खांडसा स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान पर पिस्टल के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल भी बरामद की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार 14 फरवरी 2026 को थाना सेक्टर-37 को सूचना मिली कि खांडसा गांव में एक ज्वेलर्स की दुकान पर दिनदहाड़े लूट की घटना हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दुकान संचालक ने लिखित शिकायत देकर बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे तीन युवक उसकी दुकान में आए।
शिकायत के अनुसार, एक आरोपी ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसे साइड में खड़ा होने को कहा। इसी दौरान दूसरे आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश की। आरोपियों ने पिस्टल के दम पर अलमारी खुलवाकर करीब 5 किलो चांदी और 35 हजार रुपये की नकदी लूट ली। वारदात के बाद आरोपी दुकान का शटर बंद कर भागने लगे, तभी दुकानदार ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो अन्य फरार हो गए।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके से पकड़े गए आरोपी विकास (22), निवासी खांडसा, गुरुग्राम को गिरफ्तार कर लिया। उसे 15 फरवरी को अदालत में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
रायबरेली से पकड़े गए दो अन्य आरोपी
अपराध शाखा सेक्टर-10 की टीम ने जांच को आगे बढ़ाते हुए फरार चल रहे दोनों आरोपियों को 16 फरवरी को उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के गांव परसादेपुर से गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान ललित कुमार (24) निवासी परसादेपुर, रायबरेली और अमन (19) निवासी सरायदुला जगतपुर, रायबरेली के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि ललित और अमन गुरुग्राम की एक फैक्ट्री में कार्यरत हैं। ललित और विकास ने मिलकर लूट की साजिश रची थी। योजना के तहत विकास अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) से 45 हजार रुपये में अवैध पिस्टल खरीदकर लाया था। इसके बाद तीनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने अब तक आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों ललित और अमन को 17 फरवरी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर लूटी गई चांदी और नकदी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मामले की जांच जारी है।







