अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में ऑलराउंड प्रदर्शन से भारत को दिलाई जीत, युवा खिलाड़ियों को किया प्रेरित

पटौदी। जिम्बाब्वे में आयोजित अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड को हराकर विश्व विजेता बनी भारतीय टीम के उभरते सितारे कनिष्क चौहान का जाटोली मंडी परिषद के गांव जाटोली स्थित एसएस क्रिकेट एकेडमी पहुंचने पर जोरदार स्वागत व अभिनंदन किया गया। गांव में उनके सम्मान में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय लोगों ने अपने इस होनहार खिलाड़ी पर गर्व व्यक्त किया।
फाइनल मुकाबले के आखिरी ओवरों में अपनी जादुई गेंदबाजी और तूफानी बल्लेबाजी से मैच का रुख बदलने वाले कनिष्क चौहान ने एकेडमी के खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि एसएस क्रिकेट एकेडमी के बारे में वे पिछले कई वर्षों से सुनते आ रहे हैं और यहां अच्छे कोचों के मार्गदर्शन में जिला व राज्य स्तर के खिलाड़ी तैयार किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि फाइनल में वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष महात्रे की शानदार पारियों के बाद कनिष्क ने भी अपनी ऑलराउंडर क्षमता का प्रदर्शन करते हुए 20 गेंदों पर 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 37 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने इंग्लैंड टीम के कप्तान थॉमस सहित दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले सेमीफाइनल से पूर्व पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भी वे ‘मैन ऑफ द मैच’ रहे थे।
कनिष्क की क्रिकेट यात्रा बचपन से ही शुरू हो गई थी। मात्र 8 वर्ष की आयु में उन्होंने सिरसा में ट्रायल दिया और बेहतर सुविधाओं के कारण डेरा सच्चा सौदा की एकेडमी में नियमित कोचिंग शुरू की। बेटे के क्रिकेट करियर को संवारने के लिए परिवार वर्ष 2014 में झज्जर से सिरसा शिफ्ट हो गया। कनिष्क ने शाह सतनाम स्टेडियम में अभ्यास कर अपने खेल को निखारा।
26 सितंबर 2006 को हरियाणा के झज्जर जिले के कुलाना गांव में जन्मे कनिष्क चौहान अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र हैं। उनके पिता प्रदीप कुमार किसान हैं, जबकि माता सरिता गृहिणी हैं। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव रहा है।
इस अवसर पर एसएस क्रिकेट एकेडमी के संचालक श्याम चौहान, एमिनेंट पर्सन अभय चौहान, वार्ड पार्षद रवि चौहान, मंडल महामंत्री विजय चौहान, ओमबीर चौहान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भाजपा युवा मोर्चा के मास्टर सुरेंद्र चौहान, श्रीपाल चौहान, डब्ल्यू चौहान, प्रकाश चौहान, प्रमोद चौहान, सतपाल चौहान, जनक चौहान, अनिल शर्मा, राय सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।







