बकाया प्रॉपर्टी टैक्स पर सख्ती: सेक्टर-45 की संपत्ति सील, 40 लाख से अधिक की राशि लंबित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर निगम की कार्रवाई जारी, डिफॉल्टर संपत्तियों की होगी लगातार सीलिंग

गुरुग्राम, 9 फरवरी। नगर निगम क्षेत्र में बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया जा रहा है। इसी कड़ी में एमसीजी के जोन 4 टैक्स शाखा की टीम ने कार्रवाई करते हुए सेक्टर-45 स्थित एक डिफॉल्टर संपत्ति को सील कर दिया।

टैक्स ब्रांच से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-45 में स्थित 13 ई प्रॉपर्टी पर लंबे समय से 40,46,712 रुपए का टैक्स बकाया है। कई बार नोटिस और भुगतान के अवसर देने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करवाई गई, जिसके बाद निगम ने सीलिंग की कार्रवाई की।

नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट किया है कि टैक्स डिफॉल्टरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिन संपत्ति मालिकों ने अभी तक अपना बकाया जमा नहीं किया है, उन्हें अंतिम चेतावनी दी जा रही है कि वे शीघ्र भुगतान करें, अन्यथा उनकी संपत्तियों को भी सील किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स से मिलने वाला राजस्व शहर में सफाई, सड़कों के रखरखाव, स्ट्रीट लाइट, पार्कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर खर्च किया जाता है। समय पर टैक्स भुगतान से ही शहर का संतुलित विकास संभव है। सभी संपत्ति मालिक अपने बकाया करों का भुगतान जल्द से जल्द करें, ताकि दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें