फिरोजपुर झिरका के गांव हीरवाड़ी में युवा कांग्रेस की बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अवैध बूचड़खानों के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान

फिरोजपुर झिरका। फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र के गांव हीरवाड़ी में हरियाणा युवा कांग्रेस की एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने की। इस दौरान संगठन की मजबूती, युवाओं से जुड़े मुद्दों और सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि युवा कांग्रेस प्रदेश में युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते अवैध बूचड़खानों पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि ये न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अवैध बूचड़खानों के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। आंदोलन के तहत संबंधित विभागों और प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जाएंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।

बैठक में युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ। निशित कटारिया ने कहा कि क्षेत्र के शिक्षित युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे उन्हें पलायन करने को मजबूर होना पड़ रहा है। युवा कांग्रेस ने मांग की कि सरकार स्थानीय स्तर पर उद्योगों को बढ़ावा दे, कौशल विकास केंद्र स्थापित करे और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रभावी योजनाएं लागू करे।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि युवा कांग्रेस आने वाले समय में गांव-गांव जाकर युवाओं से संवाद करेगी और उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

बैठक में मुबीन खान, खालिद सरपंच सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की और भरोसा दिलाया कि युवा कांग्रेस सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के साथ-साथ युवाओं के अधिकारों और रोजगार के लिए संघर्ष करती रहेगी।

इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. अशफाक आलम, मुबीन खान (जिला अध्यक्ष मेवात), खालिद सरपंच (विधानसभा अध्यक्ष), दिनेश पोसवाल, जिया-उल-हक, मुबारक पार्षद, डॉ. साकिर, अजीज खान, युसूफ खान, तालीम खान, किफायतुल्ला और माजिद (चेयरमैन) सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें