सूर्य नमस्कार अभियान–2026 के तहत गुरुग्राम पुलिस लाइन में भव्य योगाभ्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा के निर्देश पर सिविल लाइन व मानेसर पुलिस लाइन में हुआ आयोजन

गुरुग्राम। आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी विवेकानन्द जयंती (12 जनवरी) से महर्षि दयानन्द सरस्वती जयंती (12 फरवरी 2026) तक चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी “सूर्य नमस्कार अभियान–2026” के अंतर्गत जिला गुरुग्राम की पुलिस सिविल लाइन एवं मानेसर पुलिस लाइन में एक भव्य, अनुशासित एवं प्रेरणादायी योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त गुरुग्राम श्री विकास अरोड़ा (IPS) तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी के निर्देशानुसार एवं पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गुरुग्राम एवं मानेसर जोन के सभी पुलिस थानों व चौकियों के प्रबंधक/प्रभारी अधिकारी, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिजन एवं बच्चे बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक सहभागी बने।

हरियाणा योग आयोग द्वारा पुलिस विभाग के लिए निर्धारित 15 से 17 जनवरी की समय-सीमा के अंतिम दिन आयोजित इस विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम में पुलिस बल ने पूर्ण अनुशासन, जोश एवं समर्पण के साथ भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सूक्ष्म व्यायाम से हुई, जिसके पश्चात योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में संगीतमय मंत्रोच्चार के साथ सूर्य नमस्कार की विभिन्न आवृत्तियों का सामूहिक अभ्यास कराया गया।

योग विशेषज्ञ डॉ. भूदेव की विशेष उपस्थिति में पुलिस विभाग गुरुग्राम के सहयोग से यह अभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 700 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता की।

इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने सूर्य नमस्कार के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित सूर्य नमस्कार से न केवल शरीर स्वस्थ व सशक्त बनता है, बल्कि मानसिक तनाव कम होकर कार्यक्षमता एवं एकाग्रता में भी वृद्धि होती है। वहीं जिला योग समन्वयक डॉ. विकास यादव ने सभी पुलिस कर्मियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

योग सहायक विनोद कुमार, विक्रम सिंह, जोगिंदर सिंह एवं मोनिका द्वारा अभ्यास को अत्यंत व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया गया। साथ ही प्रतिभागियों को www.suryanamaskarharyana.in पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों को उनकी व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण दिनचर्या के बीच शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रखना, तनावमुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा “हरियाणा बने स्वस्थ एवं खुशहाल” के संकल्प को साकार करना है। यह सूर्य नमस्कार अभियान 12 फरवरी 2026 तक निरंतर जारी रहेगा। आगामी कार्यक्रमों के अंतर्गत 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर सूर्य नमस्कार की विशेष झांकी भी प्रस्तुत की जाएगी।

अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग एवं सूर्य नमस्कार को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पुलिस विभाग गुरुग्राम एवं आयुष विभाग की भूमिका सराहनीय रही।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!