बड़ौली ने लाड़ो लक्ष्मी योजना की तीसरी किस्त जारी करने पर मुख्यमंत्री नायब सैनी का जताया आभार
भाजपा सरकार में माहौल बदला, युवा पढ़कर योग्यता के आधार पर ले रहे हैं नौकरियां : बड़ौली
चंडीगढ़, 17 जनवरी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में महिला सशक्तिकरण की योजनाओं का लाभ महिलाओं को मिल रहा है। नायब सैनी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से हरियाणा में महिलाएं सशक्त और आत्मनिर्भर हो रही हैं। शनिवार को दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की तीसरी किस्त जारी होने पर श्री बड़ौली ने मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार महिला, किसान, युवा और गरीब व्यक्ति के जीवन को सरल बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। भाजपा सरकार में हरियाणा का चहुंमुखी विकास हो रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज महिलाओं के बैंक खातों में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 181 करोड़ रुपये डाले गए हैं। अब तक नायब सैनी सरकार 441 करोड रुपए महिलाओं के बैंक खातों में डाल चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पारदर्शिता से काम करने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में युवाओं को पर्ची और खर्ची से नौकरियां मिलती थी, जबकि भाजपा सरकार में युवाओं को मैरिट के आधार पर नौकरियां मिल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने माहौल को बदला है, अब युवा पढ़ाई पर ध्यान देते हैं।
श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार किसान हितैषी सरकार है। हरियाणा में नायब सैनी सरकार लगातार जनहित में निर्णय लेकर जनता की सेवा कर रही है। उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार किसानों की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है। भावांतर भरपाई योजना के तहत किसानों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। गरीब महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिल रहे हैं, वहीं गरीब लोगों का ईलाज भी फ्री में हो रहा है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस झूठ की राजनीति करती है और लोगों को भ्रमित करती है। उन्होंने कहा कि अब देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस की विचारधारा को समझ चुकी है। श्री बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दे नहीं बचे, इसलिए वह वीबी-जीरामजी योजना को लेकर भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा कि जीरामजी योजना गरीबों, मजदूरों को रोजगार की गारंटी देने वाली योजना है।








