उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम सौंपा मांग पत्र, 70 से अधिक कर्मचारी शामिल
गुरुग्राम, 24 दिसंबर 2025। हरियाणा पंचायत कंप्यूटर ऑपरेटर संघ (सीपीएलओ), भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध, जिला गुरुग्राम के बैनर तले आज उपायुक्त महोदय के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री हरियाणा के नाम ज्ञापन/मांग पत्र सौंपा गया। इस रोष प्रदर्शन में 70 से अधिक पंचायत कंप्यूटर ऑपरेटर कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रदर्शन की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ जिला गुरुग्राम के प्रधान पवन शर्मा एवं जिला मंत्री समय सिंह ने की। वहीं हरियाणा पंचायत कंप्यूटर ऑपरेटर संघ की ओर से जिला प्रधान रविंद्र सिंह, जिला मंत्री मोहित कुमार तथा समस्त जिला कार्यकारिणी के सहयोग से यह ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों में सरकार के प्रति भारी रोष देखने को मिला। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार द्वारा कई बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक उनकी समस्याओं पर कोई ठोस संज्ञान नहीं लिया गया। पंचायत कंप्यूटर ऑपरेटरों को मात्र 6000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिल रहा है, जिससे परिवार का पालन-पोषण करना असंभव हो गया है। कर्मचारियों ने बताया कि इस अल्प वेतन के कारण उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति दयनीय हो चुकी है।
कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए मांग पत्र में प्रमुख रूप से निम्न मांगें रखीं—
- सीपीएलओ की जिम्मेदारी पूर्ण रूप से पंचायत विभाग को तथा शहरी सीपीएलओ की जिम्मेदारी शहरी स्थानीय निकाय विभाग को सौंपी जाए, ताकि प्रशासनिक एवं कार्य नियंत्रण में स्पष्टता बनी रहे।
- टेक्निकल पोस्ट के समान बेसिक वेतनमान, सभी सरकारी सुविधाएं एवं भत्ते प्रदान किए जाएं।
- सीपीएलओ का मासिक वेतन प्रत्येक माह की 7 तारीख तक सुनिश्चित रूप से दिया जाए।
- मार्च 2024 से 31 मार्च 2025 तक के बकाया वेतन का पूर्ण भुगतान किया जाए।
कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से उम्मीद जताई कि उनकी छवि के अनुरूप वे इन समस्याओं का तुरंत प्रभाव से समाधान करेंगे और वर्षों से उपेक्षित इन कर्मचारियों को न्याय दिलाएंगे।
इस अवसर पर भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष योगेश शर्मा, भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष पवन कुमार, जिला मंत्री समय सिंह, अनुबंधित कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव उदय शंकर, जिला सचिव अशोक नैन, यशपाल नौनिवाल (प्रेस सचिव) सहित हरियाणा पंचायत कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









