वरिष्ठ नागरिकों के लिए गीता भवन में मासिक कार्यक्रम की शुरुआत, भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम। श्रीमती किरण चोपड़ा के नेतृत्व में पंजाब केसरी द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की गुरुग्राम शाखा के अध्यक्ष श्री धर्म सागर ने वरिष्ठ नागरिकों के हित में एक सराहनीय पहल करते हुए यह घोषणा की कि अब वरिष्ठ नागरिकों का नियमित कार्यक्रम प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को सनातन धर्म सभा गीता भवन न्यू कॉलोनी में आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय गीता भवन के प्रधान श्री सुरेंद्र खुल्लर के अनुरोध पर लिया गया।

इसी क्रम में शनिवार, 20 तारीख 2025 को तीसरे शनिवार के अवसर पर गीता भवन में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें 100 से अधिक वरिष्ठ पुरुषों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब के ब्रांड एंबेसडर श्री नंदकिशोर सरदाना द्वारा सुंदरकांड का भावपूर्ण पाठ कराया गया। संगीतमय वातावरण में सभी वरिष्ठ नागरिक भक्ति रस में डूबे नजर आए और सामूहिक रूप से पाठ में सहभागी बने।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:00 बजे सभी उपस्थितजनों के लिए चाय व पकोड़ों से की गई। पहले आने वाले 20 वरिष्ठ नागरिकों में से लकी ड्रा के माध्यम से दो लोगों को आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए गए, जिससे आयोजन में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष श्री धर्म सागर द्वारा गीता भवन में सभी उपस्थितजनों के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें विशेष रूप से खीर भी शामिल थी। सभी वरिष्ठ नागरिकों ने सामूहिक रूप से भोजन का आनंद लिया। इस अवसर पर श्री धर्म सागर ने भोजन व्यवस्था हेतु सनातन धर्म सभा गीता भवन को ₹11,000 की सहयोग राशि भी प्रदान की।

कार्यक्रम में सनातन धर्म सभा के प्रधान श्री सुरेंद्र खुल्लर, श्री रमेश वशिष्ठ, चंद्र कुमार चौधरी, सुधीर सेवक, मदनलाल डूडेजा, सुभाष कालरा, नेहा मालिक, लक्ष्मी नारायण शर्मा, कमल शर्मा, शीतल चावला, एल.डी. बवेजा, श्री वेद पाहवा, किशनलाल गांधी तथा आर.के. सिंगल्स सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए इस प्रकार के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों को सभी ने अत्यंत सराहनीय बताया और इसे समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं आपसी सौहार्द बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!