संगठन की शक्ति से ही फलीभूत होगा ‘आत्मनिर्भर भारत’ का संकल्प: सुरेन्द्र पूनिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोसली विधानसभा में उमड़ा शक्ति केंद्र प्रमुखों का सैलाब, प्रदेश महामंत्री ने फूंका कार्यकर्ताओं में जोश

रेवाड़ी, 19 दिसंबर 2025 – भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री सुरेन्द्र पूनिया ने गुरुवार को रेवाड़ी जिले की कोसली विधानसभा क्षेत्र का सघन संगठनात्मक प्रवास किया। प्रदेश अध्यक्ष श्री मोहन लाल बुडोली के कुशल नेतृत्व में चल रहे संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण अभियान के अंतर्गत कोसली विधानसभा के प्रत्येक मंडल में शक्ति केंद्र प्रमुखों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने की।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री सुरेन्द्र पूनिया ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रमुखों एवं मोर्चा पदाधिकारियों के साथ विस्तृत और महत्वपूर्ण संगठनात्मक चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की जमीनी इकाइयों को और अधिक मजबूत करना तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना रहा।

बैठक को संबोधित करते हुए सुरेन्द्र पूनिया ने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारत को विश्व पटल पर अग्रणी राष्ट्र बनाने का संकल्प है। यह संकल्प संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं की निष्ठा से ही साकार होगा।”
उन्होंने रेवाड़ी के कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं में पार्टी का मजबूत स्तंभ है। “हमारी असली ताकत हमारे पद नहीं, बल्कि हमारे सक्रिय शक्ति केंद्र हैं,” उन्होंने जोर देकर कहा।

प्रदेश महामंत्री ने मंडल, मोर्चा और शक्ति केंद्र स्तर पर संगठन को और अधिक धारदार बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही, हाल ही में भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जहाँ साधारण परिवार से आने वाला कार्यकर्ता अपनी मेहनत और निष्ठा के बल पर शीर्ष नेतृत्व तक पहुँच सकता है। यह वंशवाद की राजनीति के अंत और आंतरिक लोकतंत्र की सशक्त मिसाल है।

जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने अपने संबोधन में आगामी 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला भाजपा मुख्यालय पर सुशासन दिवस के अवसर पर दीप प्रज्ज्वलन, चित्रकला प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

डॉ. पोपली ने कहा कि “अटल जी का जीवन और विचारधारा हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। 25 दिसंबर को हम न केवल उन्हें स्मरण करेंगे, बल्कि उनके ‘सुशासन’ के संकल्प को हर घर तक पहुँचाने का संकल्प भी लेंगे।”
उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्रों की यह मजबूती आने वाले समय में विकसित और सशक्त हरियाणा की मजबूत नींव रखेगी।

इस अवसर पर जिला महामंत्री पंडित हिमांशु पालीवाल, कुलदीप चौहान, जिला सचिव दिनेश यादव, प्रदेश महिला मोर्चा उपाध्यक्ष नीतू चौधरी, मंडल अध्यक्ष हरीश, गोपी, अनूप, सविता, मंडल प्रभारी प्रेम कौशिक, जितेंद्र यादव, खोल, इन्द्र राव, सरदार सिंह बहाला सहित अनेक वरिष्ठ एवं गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कोसली विधानसभा के सभी मंडलों से बड़ी संख्या में शक्ति केंद्र प्रमुखों और मंडल पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे संगठन की एकजुटता, अनुशासन और कार्यकर्ता-आधारित शक्ति का स्पष्ट संदेश देखने को मिला।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!